निष्कासन के बाद अनंत सिंह का बड़ा ऐलान- ‘बनाऊंगा अपनी पार्टी, जेडीयू 10 सीट भी ले आए तो बहुत है’

anant singh

जनता दल यूनाइटेड (JDU) से बाहर किए जाने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कड़े तेवर दिखाए हैं। रविवार (25 अक्टूबर, 2026) को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें पार्टी की इस कार्रवाई का कोई दुख नहीं है। पार्टी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। विधायक पर हुए इस एक्शन के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

‘जेडीयू खत्म है, चुनाव में पता लग जाएगा’

पार्टी से निकाले जाने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए अनंत सिंह जेडीयू के कई नेताओं पर जमकर बरसे। उन्होंने दावा किया कि जेडीयू की स्थिति अब ऐसी हो गई है कि आगामी चुनावों में पार्टी 10 सीट भी ले आए तो बहुत बड़ी बात होगी। जेडीयू के राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने सीधा जवाब दिया, “जेडीयू खत्म है। चुनाव आएगा ही न… पता लग जाएगा।”

इसी बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी खुद की पार्टी बनाने की बात कही। उनके इस ऐलान के बाद विपक्ष को सत्तारूढ़ गठबंधन पर हमला करने का एक नया मुद्दा मिल गया है और लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस का आरोप- यह बीजेपी और एनडीए की चाल

कांग्रेस ने अनंत सिंह पर हुई कार्रवाई की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं। बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने इसे बीजेपी और एनडीए की सोची-समझी चाल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में वोटों के बिखराव को रोकने के लिए जेडीयू ने विधायक को खुली छूट दे रखी थी।

वर्धन ने दावा किया कि अनंत सिंह पूरे चुनाव के दौरान जेडीयू प्रत्याशी के खिलाफ बयानबाजी करते रहे, लेकिन तब उन्हें कोई नोटिस नहीं थमाया गया। कांग्रेस प्रवक्ता के मुताबिक, जैसे ही विधायक ने ललन सिंह को पहचानने से इनकार किया, उन पर तुरंत कार्रवाई कर दी गई और चुनाव बीतते ही निष्कासन का लेटर पकड़ा दिया गया।

जेडीयू खेमे में फैसले का स्वागत

दूसरी तरफ, सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने इस अनुशासनात्मक कार्रवाई का समर्थन किया है। बिहार के पूर्व मंत्री अभिराम शर्मा ने विधायक को बाहर करने के कदम को सही ठहराया। उन्होंने इस फैसले के लिए शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा, “पार्टी ने जो फैसला किया है, सही फैसला लिया है। हम आभार व्यक्त करते हैं नीतीश कुमार और हमारे राष्ट्रीय नेता संजय झा का, कि उन्होंने सही समय पर सही फैसला लिया।”