1,594 को नियुक्ति पत्र, ‘सैफई सिंडिकेट’ पर बरसे सीएम योगी

cm-yogi-1594-appointment-letters-upsssc-saifai-syndicate-s

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में उन्होंने नए चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं और रोजगार, सरकारी भर्तियों तथा आर्थिक तरक्की के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इसी मंच से उन्होंने समाजवादी पार्टी और पिछली सरकार को भी निशाने पर लिया।

सपा पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार जिस गति से युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है, उसकी गिनती “सैफई सिंडिकेट” के बस की बात नहीं। उन्होंने तंज कसा कि यह सिंडिकेट नोट गिनने के सिवा और कुछ गिनता ही नहीं।

सपा के 30 लाख युवाओं को नौकरी देने के दावे पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि जो लोग आज 30 लाख नौकरियों की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि अपने शासनकाल में उन्होंने युवाओं के लिए क्या किया।

पुरानी पेंशन योजना (OPS) के मुद्दे पर भी योगी ने सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि आज कर्मचारियों को ओपीएस देने की बातें हो रही हैं, पर यह भी बताया जाए कि नई पेंशन योजना (NPS) किसने लागू की। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2005 में एनपीएस सपा की सरकार ने ही लागू की थी।

“नोएडा जाने से कुर्सी जाने” का अंधविश्वास

अपने संबोधन में योगी ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पहले सत्ता में बैठे लोग अंधविश्वास और पाखंड में इस कदर उलझे थे कि नोएडा जाने से भी घबराते थे, क्योंकि उन्हें डर था कि वहां जाने से उनकी कुर्सी चली जाएगी।

उनके मुताबिक, राम मंदिर का विरोध और नोएडा जाने का डर, दोनों उसी सोच की झलक हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “प्रभु से डरो, पाखंड से नहीं।”

योगी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा को उत्तर प्रदेश का आर्थिक चेहरा बताते हुए कहा कि ये दोनों शहर राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिस प्रदेश का मुखिया अपने ही आर्थिक चेहरे की अनदेखी करे और लोगों को लूट-खसोट की छूट दे, उससे विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

साढ़े नौ साल में तीन गुनी हुई अर्थव्यवस्था

आर्थिक प्रगति का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार तीन गुना कर दिया है। उनके अनुसार प्रति व्यक्ति आय और राज्य का बजट भी तीन गुना बढ़ा है।

योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की क्षमता पर किसी को संदेह नहीं रह गया है, क्योंकि राज्य ने विकास और आर्थिक तरक्की के मामले में अपनी अलग पहचान बना ली है।