10 लाख पदों पर पहली कैबिनेट में फैसला, बेरोजगार ग्रेजुएट को ₹5,000: सपा का वादा
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय को पीडीए सरकार की सबसे अहम प्राथमिकता करार दिया है। पार्टी ने 2028 तक जातिगत जनगणना कराने की बात कही है, साथ ही 2029 तक हर वर्ग को न्याय और भागीदारी देने, खुशहाली बढ़ाने और गरीबी मिटाने का लक्ष्य रखा है।
घोषणा पत्र में एआई की वजह से प्रभावित होने वाले कामगारों को नए सिरे से प्रशिक्षित कर दोबारा रोजगार से जोड़ने का वादा भी किया गया है। पुलिस, स्वास्थ्य, नर्सिंग, पैरामेडिकल, तकनीकी और अन्य सरकारी सेवाओं में भर्तियों को लेकर भी कई प्रस्ताव रखे गए हैं।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के लिए सरकारी विभागों में खाली पड़े सभी पद 2028 तक भरने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी समाज के हर तबके की हिस्सेदारी तय करने की बात कही गई है।
पहली कैबिनेट में 10 लाख पदों पर फैसला
रोजगार और युवाओं के मोर्चे पर सपा ने बड़े ऐलान किए हैं। पार्टी का कहना है कि सत्ता में आने पर वह अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में 10 लाख रिक्त सरकारी पदों को भरने का निर्णय लेगी। साथ ही खाली पदों पर तय समय में नियुक्ति, भर्ती परीक्षाओं का सालाना कैलेंडर और पूरी प्रक्रिया की निश्चित समयसीमा का वादा है। घोषणा पत्र के अनुसार, एक परीक्षा वाली भर्तियां तीन महीने में और एक से ज्यादा परीक्षाओं वाली भर्तियां छह महीने में पूरी होंगी। नतीजे समय पर और पारदर्शिता के साथ घोषित करने तथा पेपर लीक व भर्ती संबंधी गड़बड़ियों पर लगाम कसने का प्रस्ताव भी शामिल है।
बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर माह 5,000 रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही गई है। कौशल विकास पर भी खास जोर है। योजना के तहत हर साल पांच लाख युवाओं को कौशल केंद्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, छात्राओं के लिए तहसील स्तर पर कौशल विकास एवं करियर काउंसलिंग केंद्र खुलेंगे, और युवाओं को डिजिटल स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा नई तकनीकों की ट्रेनिंग मिलेगी। खेल और कौशल को रोजगार से जोड़ने तथा युवाओं को सुरक्षित व सम्मानजनक काम दिलाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
शिक्षा, एमएसएमई और एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य
शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने राज्य शिक्षा नीति लागू करने और 2032 तक उत्तर प्रदेश को पूरी तरह साक्षर बनाने का लक्ष्य तय किया है। निजी क्षेत्र में नौकरियां बढ़ाने के लिए एमएसएमई सेक्टर के जरिए 2032 तक एक करोड़ से अधिक रोजगार देने का प्रस्ताव है। इसके लिए ग्रामीण औद्योगिक हब और फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, स्टार्टअप और एग्री-टेक इन्क्यूबेशन केंद्र बनेंगे और किसान उत्पादक संगठनों को बढ़ावा मिलेगा। छोटे, मध्यम और बड़े उद्योगों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने का वादा भी किया गया है।
