भारत पर बांग्लादेशी स्पीकर का आरोप, हसीना की वापसी पर भी बोले
बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हफीज उद्दीन अहमद ने पाकिस्तान की यात्रा के दौरान भारत पर तीखे आरोप लगाए। उनका कहना था कि 1971 में नई दिल्ली ने बंगालियों का साथ देने के बजाय पाकिस्तान को कमजोर करने की चाल चली। इस्लामाबाद से आए इन बयानों ने नई सियासी बहस छेड़ दी है।
बुधवार को अहमद पाकिस्तान की संसद पहुंचे और वहां पत्रकारों से बात करते हुए 1971 की जंग और ढाका के पतन की घटनाओं का जिक्र किया। बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि उस दौर में भारत बंगालियों का मददगार नहीं था, बल्कि उसका मकसद पाकिस्तान को कमजोर करना था।
हसीना राज में भारत का उपनिवेश बन गया बांग्लादेश
अहमद ने शेख हसीना के 15 साल के शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस दौरान बांग्लादेश एक तरह से भारत के अधीन हो गया था, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा। अहमद खुद पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन हैं। उन्होंने 1971 की लड़ाई में शिरकत की थी और बाद में बांग्लादेश में उनकी वीरता के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।
1975 में देश में एकदलीय शासन था
स्पीकर के अनुसार 1971 में बंगाली जनता लोकतंत्र की मांग कर रही थी, मगर उसे यह अधिकार नहीं मिला। दोनों देशों की संसदीय व्यवस्थाओं की तुलना करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि 1975 में बांग्लादेश में एक ही पार्टी का शासन लागू हो गया था। उन्होंने अफसोस जताया कि देश में सच्चा लोकतंत्र कभी जड़ें नहीं जमा सका। हालांकि फरवरी 2026 में हुए आम चुनावों को उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष बताया।
हसीना की वापसी पर क्या बोले
अहमद ने साफ कहा कि हसीना अगर बांग्लादेश लौटीं तो उन्हें सीधे जेल जाना पड़ेगा। उनके मुताबिक हसीना के लौटने की बातें उनके समर्थकों को भरोसा दिलाने की कोशिश भर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले कम से कम 10 वर्षों तक उनकी वापसी के आसार नहीं हैं।
