रियासी के 30 आतंकी पाकिस्तान से चला रहे नेटवर्क, 1991 से 2003 के बीच हुए थे लापता

kashmir

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने बुधवार को बताया कि रियासी जिले के 30 आतंकवादी, जो साल 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे, अब पाकिस्तान में बैठकर आतंकी नेटवर्क चला रहे हैं। उनके मुताबिक, ये लोग जम्मू-कश्मीर में हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेजकर इलाके में आतंकवाद को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस प्रमुख ने जानकारी दी कि माहोर पुलिस स्टेशन को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि माहोर और चसाना के रहने वाले ये 30 आतंकी भारत के खिलाफ जंग छेड़ने के लिए हथियारों की ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान चले गए थे।

हिजबुल मुजाहिदीन के लिए काम और युवाओं को भड़काने का आरोप

DGP ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ये लोग अब पाकिस्तान में हिजबुल मुजाहिदीन (HM) के लिए काम कर रहे हैं। वे जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेज रहे हैं। साथ ही वे यहां के युवाओं को भड़काकर और कट्टरपंथी बनाकर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं।”

पुलिस ने जारी की 30 आतंकवादियों की पहचान

पाकिस्तान से सक्रिय इन 30 आतंकवादियों की पहचान सार्वजनिक की गई है। इनमें शाडोल के मोहम्मद कय्यूम, शजरू के मोहम्मद सबदार, खौर के गुलाम मोहम्मद और गुलाम कादिर (दोनों समदू के बेटे), खौर के ही मुश्ताक अहमद और दादा के खुशहाल हुसैन शामिल हैं। सूची में कर्मकथा के अब्दुल मजीद, मोहम्मद रफीक उर्फ शब्बीर, शब्बीर अहमद और मंजूर अहमद के नाम भी हैं।

इसके अलावा शजरू के मखना, अलाफ दीन और गुलाम मोहम्मद उर्फ गामा, लार के अब्दुल मजीद तथा सिलधार के मुश्ताक अहमद व जमाल दीन की पहचान हुई है। अन्य नामों में शाडोल के मोहम्मद यूसुफ खकमत उर्फ बिलाल, चकरास के मोहम्मद इकबाल और मोहम्मद अशरफ, लाध के गुलाम मोहम्मद, शिब्रास के अब्दुल हामिद नजर उर्फ महमदू और चिकलास के तालिब हुसैन शामिल हैं। बाकी आतंकियों में लढ़ के मोहम्मद रफीक और गामी गुज्जर, तुल्ली के मोहम्मद रफीक, कुंदरधन के मोहम्मद कासिम और मोहम्मद रफीक, बालमतकोट के अब्दुल हामिद, बागोदास के शब्बीर अहमद और हसोते के मोहम्मद अली शामिल हैं।

जमीन बेचकर फंडिंग करने वाले पांच आरोपियों की पहचान

2024 में महोर पुलिस ने इन कथित आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), विस्फोटक और इम्प्रोवाइज्ड सामग्री नियंत्रण प्रावधानों तथा गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।

DGP ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और ऐसे पांच कथित आतंकवादियों की पहचान की, जो हथियारों और गोला-बारूद की ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान चले गए थे। ये लोग सीमा पार से आतंकी गतिविधियों को दोबारा शुरू करने में सक्रिय थे और आतंकवाद को फंड देने के लिए अपनी जमीनें बेच दी थीं। इनकी पहचान महोर तहसील के शाडोल निवासी मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम, बिडर निवासी बशीर अहमद उर्फ मासूम, अरनास तहसील के हुंडर निवासी शौकत अली, थुरू तहसील के खंती निवासी मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैन और थुरू के ही इम्तियाज अहमद के रूप में हुई है।