‘बिहार जैसा पैटर्न, इंडिया गठबंधन को ही होगा नुकसान’: सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर चिराग पासवान का तंज

chirag

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की कवायद के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन ने हमेशा एक-दूसरे को अपमानित करने और गठबंधन धर्म की मर्यादाओं को तोड़ने का काम किया है।

चिराग पासवान ने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा बातचीत के दौरान ही प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने से गठबंधन के भीतर के मतभेद साफ दिख रहे हैं। उनके मुताबिक, इस रवैये का नुकसान खुद इंडिया गठबंधन को उठाना पड़ेगा।

बिहार चुनाव का हवाला और ‘फ्रेंडली फाइट’ की आशंका

केंद्रीय मंत्री ने यूपी के मौजूदा हालात की तुलना बिहार विधानसभा चुनाव से की। उन्होंने कहा कि बिहार में भी आरजेडी ने बातचीत के दौरान ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी थी, जिसका नुकसान इंडिया गठबंधन को चुनाव में भुगतना पड़ा था।

पासवान ने कहा, “अभी बातचीत चल रही है और आप प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं… कल फ्रेंडली फाइट देखने को मिलेगा। इसका कहीं न कहीं नुकसान इंडिया गठबंधन को ही होगा।”

26 सीटों के ऑफर को बताया अपमानजनक

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के आंकड़ों को लेकर चल रही खींचतान पर भी चिराग पासवान ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में जब इतने मतभेद हों कि कहां 180 से अधिक सीटें और कहां सपा की तरफ से कांग्रेस को मात्र 26 सीटें दी जा रही हैं, तो यह न मान-सम्मान है और न स्वाभिमान।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह ऐसा गठबंधन है जो एक-दूसरे को नीचा, कमतर और कमजोर दिखाकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है।

जनता के रुझान और NDA पर दावा

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए चिराग पासवान ने कहा, “यही कारण है कि जनता इनको बार-बार नकारने का काम कर रही है। जिस तरीके से सपा-कांग्रेस के गठबंधन ने उत्तर प्रदेश को गुंडा राज के हवाले करके पूरी तरीके से बर्बाद करने का काम किया है। यही कारण है कि आज की तारीख में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोच वाले गठबंधन के प्रति लोगों का रुझान मजबूती से बढ़ रहा है।”