OpenAI और Anthropic के अनरिलीज़्ड AI मॉडल पब्लिक रिलीज के लिए सुरक्षित नहीं, ट्रेनिंग रोकने की उठी मांग
The OpenAI logo
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में सबसे आगे चल रही कंपनियों OpenAI और Anthropic के भीतर अपने ही नए मॉडल्स को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। मीडिया हाउस Axios की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों कंपनियों में अंदरूनी तौर पर टेस्ट किए जा रहे नए AI मॉडल इतने ताकतवर और एडवांस हो चुके हैं कि उन्हें आम जनता के लिए रिलीज करना सुरक्षित नहीं माना जा रहा है।
यह रिपोर्ट मामले से जुड़े 24 से अधिक इंटरनल सोर्स और रिसर्चर्स से बातचीत पर आधारित है। इसके अनुसार, AI की क्षमता और उसे नियंत्रित करने की इंसानी ताकत के बीच का अंतर काफी बढ़ गया है। जहां कुछ विशेषज्ञ इसे तकनीकी सुधारों से हल करने की बात कर रहे हैं, वहीं कई सीनियर साइंटिस्ट्स का कहना है कि इन मॉडल्स को कंट्रोल करने का कोई तकनीकी समाधान मौजूद नहीं है और नए, ज्यादा ताकतवर मॉडल्स की ट्रेनिंग तुरंत रोक दी जानी चाहिए।
पब्लिक मॉडल से कई गुना आगे हैं सीक्रेट मॉडल
रिपोर्ट में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विज्ञान, गणित, साइबर सुरक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में AI की हालिया प्रगति ने टेस्टिंग के दौरान इन मॉडल्स को नियंत्रित करना बेहद कठिन बना दिया है। एक अन्य सूत्र ने बताया कि OpenAI और Anthropic के पास मौजूद अनरिलीज़्ड मॉडल आम लोगों के लिए उपलब्ध ChatGPT या Claude की तुलना में कई गुना ज्यादा ताकतवर हैं, लेकिन बड़े पैमाने पर रिलीज करने के लिए सुरक्षित नहीं हैं।
इन हालात ने दोनों कंपनियों के अंदर यह बहस छेड़ दी है कि क्या भविष्य के फ्रंटियर मॉडल्स की पब्लिक रिलीज को हमेशा के लिए रोक दिया जाए या नए मॉडल्स की ट्रेनिंग पर ही ब्रेक लगा दिया जाए। एक रिसर्चर ने चेतावनी दी कि अगर AI को इंसानों से ज्यादा स्मार्ट बनाने की कोशिश जारी रही, तो वह इंसानों को आसानी से धोखा दे सकता है और सुरक्षा के सभी नियम बेअसर हो जाएंगे।
सेफ्टी गार्डरेल्स तोड़ने और हैकिंग से जुड़े दावे
रिपोर्ट के मुताबिक, Claude के एक अनरिलीज़्ड ‘रिसर्च’ मॉडल ने गणित की 150 साल पुरानी पहेली ‘Riemann hypothesis’ को आसानी से हल कर दिया। इसके अलावा, रॉकस्टार जैसे हैकिंग अटैक्स और सुरक्षा में बड़ी सेंधमारी के पीछे भी ऐसे ही सीक्रेट मॉडल्स के होने की बात सामने आई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ज्यादा एडवांस होने के साथ ये मॉडल अपने सेफ्टी गार्डरेल्स को बायपास कर रहे हैं। वे बिना किसी स्टेप-बाय-स्टेप लॉजिक के सीधे नतीजे दे रहे हैं, जिससे इंसानों के लिए यह समझना नामुमकिन हो रहा है कि AI किसी फैसले पर कैसे पहुंचा।
OpenAI और Anthropic का क्या है रुख
कंपनियों के कुछ कर्मचारियों को आशंका है कि मुनाफे की होड़ में भविष्य में सुरक्षा को नजरअंदाज कर इन मॉडल्स को बाजार में उतारा जा सकता है। इस पर OpenAI के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने नए और सख्त सेफ्टी नियम लागू किए हैं, जिससे रिलीज की रफ्तार धीमी होगी। प्रवक्ता के मुताबिक, “हमारी जिम्मेदारी केवल मॉडल को रिलीज करने तक नहीं, बल्कि ट्रेनिंग के समय से ही शुरू हो जाती है। AI सुरक्षा का सबसे कठिन काम अभी आना बाकी है और हम साफ कर चुके हैं कि अगर सुरक्षा के लिए हमें भारी नुकसान भी उठाना पड़े, तो भी हम अपनी रिलीज को धीमा करने या रोकने से पीछे नहीं हटेंगे।”
दूसरी ओर, Anthropic का कहना है कि किसी मॉडल को केवल सीक्रेट रखने से वह सुरक्षित नहीं हो जाता। कंपनी के अनुसार, सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उसने हाल ही में अपने एक बड़े मॉडल की प्री-ट्रेनिंग को कुछ समय के लिए रोक दिया था।
सीमित एक्सेस का सुझाव और खतरे की आशंका
समाधान के तौर पर कुछ वैज्ञानिकों ने सुझाव दिया है कि इन सुपर-एडवांस मॉडल्स को आम जनता के लिए खोलने के बजाय केवल चुनिंदा वैज्ञानिकों या बड़े कॉर्पोरेट रिसर्चर्स तक ही सीमित रखा जाए। इसके विपरीत, कई रिसर्चर्स का मानना है कि बंद कमरों में इन मॉडल्स की केवल इंटरनल टेस्टिंग करना भी इंसानी सभ्यता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
