पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री बने जीशान अली, चीन के स्टेशन पहुंचे
पाकिस्तान वायुसेना (PAF) के विंग कमांडर मुहम्मद जीशान अली बुधवार को चीन के शेनझोउ-24 मिशन के साथ अंतरिक्ष के लिए रवाना हो गए। 40 वर्षीय जीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक होने के साथ ही चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में शामिल होने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं।
जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से सफल प्रक्षेपण के बाद यह यान तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंचेगा। चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (CMSA) के मुताबिक, जीशान अली स्पेस स्टेशन पर लगभग एक सप्ताह तक रहेंगे और कई वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे। मिशन से पहले उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ अपने लिए नहीं उड़ रहा हूं, मेरे कंधों पर 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें हैं।”
कौन हैं विंग कमांडर मुहम्मद जीशान अली?
मुहम्मद जीशान अली पाकिस्तान वायुसेना में विंग कमांडर और एक अनुभवी पायलट हैं। कठिन उड़ान परिस्थितियों, उच्च गुरुत्वाकर्षण दबाव और जटिल तकनीकी संचालन के अनुभव ने उनके चयन में बड़ी भूमिका निभाई।
अप्रैल 2026 में पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको (SUPARCO) और CMSA के संयुक्त कार्यक्रम के तहत जीशान अली और खुर्रम दाऊद को अंतरिक्ष प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। बाद में जीशान अली को शेनझोउ-24 मिशन के लिए मुख्य पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के रूप में चयनित किया गया।
पेलोड स्पेशलिस्ट की भूमिका और हलाल भोजन की व्यवस्था
शेनझोउ-24 मिशन में जीशान अली के साथ चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी सवार हैं। मिशन की कमान तांग होंगबो संभाल रहे हैं, जबकि वू यी मिशन पायलट हैं। पाकिस्तान सेना के अनुसार, जीशान अली इस मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट हैं और उनका मुख्य काम पाकिस्तान के वैज्ञानिक कार्यक्रमों से जुड़े प्रयोगों का संचालन करना है।
CMSA ने जीशान अली की धार्मिक और खानपान संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अंतरिक्ष यात्रा के दौरान हलाल भोजन की व्यवस्था की है। कामकाज में आसानी के लिए मिशन संचालन से जुड़े निर्देश चीनी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार किए गए हैं।
अंतरिक्ष में 90 से ज्यादा प्रयोग और सात महीने का प्रशिक्षण
इस मिशन के दौरान पूरी टीम करीब 90 वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण करेगी। सुपारको के अनुसार, जीशान अली माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) की खेती से जुड़े प्रयोग करेंगे, जिन्हें भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों में भोजन और ऑक्सीजन के संभावित स्रोत के तौर पर देखा जा रहा है। इसके अलावा वह क्विनोआ बीजों पर अंतरिक्ष वातावरण के प्रभाव का भी अध्ययन करेंगे।
इस मिशन के लिए जीशान अली ने बीजिंग में करीब सात महीने तक विशेष प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने चीनी भाषा सीखी, चीनी गीतों और कविताओं से परिचित हुए, सुलेख (कैलिग्राफी) का अभ्यास किया और टेबल टेनिस जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।
