जानिए, BPSC की नई अध्यक्ष हरजोत कौर की शिक्षा और करियर का पूरा सफर
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। 1992 बैच की बिहार कैडर की IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह 29 नवंबर से अपना कार्यकाल शुरू करेंगी। इससे पहले वह BPSC की कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
अध्यक्ष पद मिलने के बाद हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराना उनका सबसे पहला प्रयास होगा।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद नई जिम्मेदारी
56 वर्षीय हरजोत कौर बम्हरा अगले छह साल यानी 62 साल की उम्र तक BPSC अध्यक्ष पद पर रह सकती हैं। इस नियुक्ति से पहले उन्होंने 23 नवंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया। 28 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद वह 29 नवंबर को आयोग के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगी।
शिक्षा और प्रशासनिक करियर
हरजोत कौर बम्हरा ने इंटरनेशनल बिजनेस स्टडीज में एमए और इसी विषय में एमफिल की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास कर IAS अधिकारी के रूप में प्रशासनिक सेवा शुरू की।
बिहार में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कार्मिक, पर्यटन, भू-राजस्व, परिवहन और ग्रामीण विकास समेत कई प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।
सैनिटरी पैड वाले बयान पर हुआ था विवाद
हरजोत कौर बम्हरा कुछ साल पहले अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में रही थीं। यूनिसेफ (UNICEF) के एक कार्यक्रम के दौरान एक स्कूली छात्रा ने मुफ्त सैनिटरी पैड की मांग की थी। इस पर बम्हरा ने कहा था कि कल को लड़कियां सरकार से मुफ्त कपड़े, जूते और यहां तक कि कंडोम देने की भी उम्मीद करने लगेंगी। उनके इस बयान का काफी विरोध और आलोचना हुई थी।
