मिस यूनिवर्स 2026 बनीं जेनिफर बैरेटो, भारत की कजियाह टॉप 30 में

miss

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता (Miss Universe 2026) का खिताब अपने नाम कर लिया है। सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित ग्रैंड फिनाले में मेक्सिको की मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया।

प्रतियोगिता में डोमिनिकन रिपब्लिक की प्रतिभागी रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला को तीसरा स्थान मिला। भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं कजियाह लिज मेजो ने टॉप 30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप 12 में पहुंचने से पहले ही वे खिताब की दौड़ से बाहर हो गईं।

कौन हैं जेनिफर बैरेटो?

मिस यूनिवर्स 2026 का ताज जीतने वाली जेनिफर बैरेटो शिक्षा और सामाजिक कार्य से भी जुड़ी रही हैं। उन्होंने रिसर्च साइकोलॉजी में बैचलर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उनके पास साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हैं।

जेनिफर ने साल 2021 में अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस के तहत फोर्ट हूड (टेक्सास) से अपने करियर की शुरुआत की थी। वहां वे फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम में एजुकेटर और संकट-प्रतिक्रिया सहयोगी (Crisis Co-Responder) के रूप में काम करती थीं। इस भूमिका में उन्होंने घरेलू हिंसा और बाल शोषण से प्रभावित सैन्य परिवारों की मदद की तथा रोकथाम और हस्तक्षेप से जुड़ी रणनीतियों पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में भी काम किया है।

75वें संस्करण में 116 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 116 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने नेशनल कॉस्ट्यूम, प्रीलिमिनरी और फाइनल राउंड में हिस्सा लिया, जहां स्टेज पर उनकी उपस्थिति, आत्मविश्वास और प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए गए।

दूसरी ओर, 75वां संस्करण कई विवादों को लेकर भी चर्चा में रहा। प्रतियोगिता के दौरान कुछ प्रतिभागियों के नाम वापस लेने, फ्रेंचाइजी अधिकारों से जुड़े विवाद और इवेंट मैनेजमेंट की शिकायतों के कारण मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन को आलोचना का सामना करना पड़ा।

भारत के लिए पांचवें साल भी जारी रहा इंतजार

कजियाह लिज मेजो के टॉप 12 से बाहर होने के साथ ही भारत का मिस यूनिवर्स खिताब जीतने का इंतजार लगातार पांचवें साल भी जारी रहा। भारत ने अब तक तीन बार यह खिताब जीता है। सबसे पहले 1994 में सुष्मिता सेन, इसके बाद 2000 में लारा दत्ता और फिर 21 साल बाद 2021 में हरनाज संधू ने देश के लिए मिस यूनिवर्स का ताज जीता था।