अखिलेश के जन-मन घोषणापत्र में महिलाओं और युवाओं के लिए क्या होगा खास?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (SP) संविधान दिवस पर अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस घोषणापत्र को ‘सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है, जिसमें पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आम जनता से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा जाएगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कई बड़े आर्थिक और सामाजिक वादे शामिल किए जा सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश, जिला और राजधानी लखनऊ के लिए अलग-अलग स्तर पर घोषणापत्र पेश करने की तैयारी है।
तीन स्तर पर जारी होगा घोषणापत्र, खड़गे के शामिल होने की संभावना
सपा का यह घोषणापत्र तीन श्रेणियों में तैयार किया जा रहा है। पहला राज्य स्तरीय घोषणापत्र होगा, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी का विजन और प्रमुख चुनावी वादे रहेंगे। दूसरा जिला स्तरीय घोषणापत्र होगा, जिसमें प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थानीय समस्याओं, विकास योजनाओं और क्षेत्रीय जरूरतों को शामिल किया जाएगा।
तीसरी श्रेणी में लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र लाने की तैयारी है। इसमें राजधानी के शहरी विकास, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर खास ध्यान दिया जाएगा। विमोचन के बाद संविधान मार्च निकालने की भी योजना है। सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हो सकते हैं।
महिलाओं, युवाओं और आम लोगों के लिए संभावित वादे
सूत्रों के अनुसार, घोषणापत्र में महिलाओं को 40 हजार रुपये वार्षिक पेंशन और स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रस्ताव शामिल हो सकता है। घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों के लिए बिना कार्ड मुफ्त इलाज जैसे वादे भी इसमें जगह पा सकते हैं।
राजधानी के छात्रों और छात्राओं के लिए लखनऊ में मुफ्त मेट्रो यात्रा का वादा किए जाने की भी चर्चा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि यह घोषणापत्र पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की निगरानी में तैयार किया गया है। इसमें संविधान की रक्षा, लोकतंत्र और आरक्षण को प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में रखा गया है, जबकि रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया गया है।
भाजपा पर अखिलेश का हमला, अधिकारियों की शिकायत की बात
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य लक्ष्य 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा उन अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएगी, जिन पर पिछले वर्षों में सत्तारूढ़ दल के एजेंट की तरह काम करने के आरोप लगे हैं।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी और जनता बदलाव का इंतजार कर रही है। चुनाव से काफी पहले घोषणापत्र जारी करने के पीछे पार्टी की कोशिश अपने प्रमुख मुद्दों और वादों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की है।
