यूपी चुनाव 2027: बसपा ने सुल्तानपुर की 3 सीटों पर उतारे प्रत्याशी, आकाश आनंद ने चला मुस्लिम, कुर्मी और ठाकुर कार्ड
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अयोध्या मंडल की नौ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने इन नामों का ऐलान किया। इनमें सुल्तानपुर जिले की तीन सीटें—सुल्तानपुर शहर, सदर (जयसिंहपुर) और लंभुआ शामिल हैं।
तीनों सीटों पर टिकट बंटवारे में बसपा ने जातीय समीकरण को आधार बनाया है। पार्टी ने सुल्तानपुर शहर से मुस्लिम, सदर (जयसिंहपुर) से कुर्मी और लंभुआ से ठाकुर चेहरे को मैदान में उतारा है।
सुल्तानपुर शहर: इम्तियाज अहमद को मिला टिकट
मुस्लिम बहुल मानी जाने वाली सुल्तानपुर शहर सीट से बसपा ने इम्तियाज अहमद को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर पार्टी को 1989 से अब तक जीत नहीं मिली है, लेकिन दो चुनावों में वह दूसरे स्थान पर रही।
2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा के मो. ताहिर खान को 50,999 वोट मिले थे। 2017 में मुजीब अहमद 54,393 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे। इसके उलट 2022 के चुनाव में पार्टी को 22,521 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर खिसक गई।
सदर (जयसिंहपुर): डॉ. मधुलता वर्मा पर कुर्मी कार्ड
कुर्मी बहुल सदर यानी जयसिंहपुर विधानसभा सीट से बसपा ने डॉ. मधुलता वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पार्टी ने 1996 में राम रतन यादव तथा 2002 और 2007 में ओम प्रकाश सिंह के जरिए लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी।
इसके बाद 2012 और 2017 के चुनावों में राज प्रसाद उपाध्याय दूसरे स्थान पर रहे। 2022 में ओम प्रकाश सिंह 39,920 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। डॉ. मधुलता वर्मा को उतारकर पार्टी ने कुर्मी वोटबैंक को साधने की कोशिश की है।
लंभुआ: शैलेंद्र सिंह को बनाया उम्मीदवार
लंभुआ विधानसभा सीट से बसपा ने शैलेंद्र सिंह को टिकट दिया है। पार्टी इस सीट पर अब तक दो बार जीत हासिल कर चुकी है—1993 में सफदर रजा खान और 2007 में विनोद कुमार ने बसपा के टिकट पर चुनाव जीता था।
2012 के चुनाव में विनोद सिंह को 56,980 और 2017 में 65,724 वोट मिले थे तथा दोनों बार वे दूसरे स्थान पर रहे। 2022 में अवनीश कुमार सिंह 42,119 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर चले गए थे। अब शैलेंद्र सिंह के जरिए पार्टी ठाकुर मतदाताओं को जोड़कर सीट पर वापसी की कोशिश में है।
