अक्टूबर में भारत का तेल-गैस इंपोर्ट बिल 60% बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंचा: ब्रेंट क्रूड 124.77 डॉलर प्रति बैरल

crude-oil

अक्टूबर में भारत का नेट तेल और गैस इंपोर्ट बिल सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 16 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अधीन पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (PPAC) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष अक्टूबर में यह बिल 10 अरब डॉलर था।

ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत सालाना आधार पर लगभग दोगुनी होकर 124.77 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने से आयात बिल में यह तेज उछाल आया है। आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 116.77 डॉलर और अक्टूबर 2025 में 64.75 डॉलर प्रति बैरल था। वहीं, अक्टूबर में भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की औसत कीमत 119.91 डॉलर प्रति बैरल रही, जो एक साल पहले 65.08 डॉलर थी।

कच्चे तेल का आयात 11 फीसदी बढ़ा, LNG और निर्यात के आंकड़े

PPAC के अनुसार, अक्टूबर में मात्रा के हिसाब से कच्चे तेल के आयात में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 2.33 करोड़ टन तक पहुंच गया। इस अवधि में लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से 6.3 अरब डॉलर की आमदनी हुई।

अप्रैल-अक्टूबर अवधि में नेट इंपोर्ट बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 70.3 अरब डॉलर था। इस दौरान मात्रा के आधार पर कच्चे तेल का आयात 2.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इस पर 111 अरब डॉलर खर्च हुए, जबकि एक साल पहले यह खर्च 72.3 अरब डॉलर रहा था।

LPG की खपत में गिरावट, ऑटो एलपीजी की बिक्री में बढ़ोतरी

आंकड़ों के मुताबिक, लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की खपत अक्टूबर में 12.3 प्रतिशत और अप्रैल-अक्टूबर के दौरान 15.1 प्रतिशत कम हुई। 1 नवंबर को सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या 32.6 करोड़ दर्ज की गई, जो 1 अप्रैल को 33.4 करोड़ थी।

सरकारी कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री अक्टूबर में 11.8 प्रतिशत और थोक एलपीजी बिक्री 49.1 प्रतिशत घटी है। इसके विपरीत, ऑटो एलपीजी की बिक्री में 23.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।