ईरान युद्ध का खर्च कौन उठाएगा? अमेरिकी संसद में रक्षा बजट पर आर-पार
ईरान जंग और अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के लिए 350 अरब डॉलर के अतिरिक्त बजट की डोनाल्ड ट्रंप की मांग को लेकर अमेरिकी संसद में मतभेद गहरा गए हैं। बीबीसी पर्शियन के मुताबिक, इससे क्रिसमस से पहले अमेरिकी संघीय सरकार का कामकाज ठप होने (शटडाउन) की आशंका बढ़ गई है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों प्रमुख दलों के सांसदों ने चेतावनी दी है कि इन मतभेदों के कारण सरकारी बजट पर सहमति बनना कठिन हो सकता है।
11 दिसंबर की समयसीमा और सीनेट की चुनौतियां
अमेरिकी सरकार का मौजूदा बजट 11 दिसंबर तक वैध है। ऐसे में संघीय सरकारी विभागों के कामकाज के लिए आगे की फंडिंग पर सहमति बनाने के लिए सांसदों के पास लगभग तीन सप्ताह का समय है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सीनेट में मतभेद विशेष रूप से गंभीर हैं। वहां दोनों दलों की सहमति से बने बजट पैकेज को पारित कराने के लिए 100 में से कम से कम 60 वोटों की आवश्यकता होती है। ये खींचतान ऐसे समय में चल रही है, जब थैंक्सगिविंग की एक सप्ताह की छुट्टी के लिए संसद का कामकाज रोकने की तैयारी है।
‘युद्ध के लिए फंडिंग नहीं चाहते और न ही शटडाउन’: पीटर वेल्च
रॉयटर्स के अनुसार, वरमोंट से डेमोक्रेटिक सीनेटर पीटर वेल्च ने हाल ही में कहा, “सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि हम युद्ध के लिए फंडिंग नहीं करना चाहते और न ही सरकार का कामकाज ठप करना चाहते हैं। ऐसे में इसका समाधान कैसे निकाला जाए?”
वेल्च ने आगे कहा, “यही वह उलझी हुई गुत्थी है, जिसे सुलझाना मुश्किल है।”
