गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की कैद, अमेरिकी कोर्ट में मांगी माफी

pannu

भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिकी धरती पर खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की सुपारी देने की साजिश में शामिल होने के मामले में शुक्रवार को अमेरिकी संघीय अदालत ने 19 साल सात महीने (235 महीने) कैद की सजा सुनाई। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट चली सुनवाई के बाद यह सजा सुनाई।

गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार कर लिया था। इन आरोपों में सुपारी देकर हत्या कराने, इसकी साजिश रचने और धनशोधन की साजिश रचने के मामले शामिल हैं। अमेरिका और कनाडा की दोहरी नागरिकता रखने वाला पन्नू सजा सुनाए जाने के समय अदालत में मौजूद था।

सजा के बाद निर्वासन की कार्यवाही

न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने गुप्ता पर निगरानी में रिहाई की कोई अतिरिक्त शर्त नहीं लगाई। अदालत ने स्पष्ट किया कि जेल की सजा पूरी होने के बाद गुप्ता के खिलाफ निर्वासन और देश से निष्कासन की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

छह मिनट के बयान में माफी, भावुक हुए गुप्ता

भूरे रंग की जेल की पोशाक पहने गुप्ता मार्शलों की सुरक्षा में अदालत कक्ष में पहुंचे और अपने वकीलों के बीच बैठ गए। उन्होंने अंग्रेजी में करीब छह मिनट का बयान दिया और अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। गुप्ता ने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वे इन नेताओं के आदर्शों पर चलकर जीवन बिताएंगे।

अदालत कक्ष में मौजूद पन्नू की ओर देखते हुए गुप्ता ने कहा, “मैंने जो किया है, उसे पलट नहीं सकता। मैं पन्नू, समुदाय और बिरादरी से माफी मांगता हूं। मुझे खेद है।” अपनी बात रखते हुए उनकी आवाज भर्रा गई। उन्होंने कहा कि उनके परिवार, पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ी है और उन्हें उस काम के लिए सजा भुगतनी पड़ रही है, जो उन्होंने नहीं किया। गुप्ता ने कहा कि अदालत जो भी सजा देगी, वे उसे स्वीकार करेंगे और सजा पूरी करने के बाद एक बेहतर इंसान बनकर बाहर आएंगे।

पन्नू ने 20 मिनट तक रखा पक्ष

सुनवाई के दौरान पन्नू ने भी करीब 20 मिनट तक अपना बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि जब से उनके जीवन को खतरे का पता चला है, तब से वे 1,200 दिनों से अधिक समय से अपनी नियमित वकालत नहीं कर पा रहे हैं। उनके लंबे बयान के दौरान एक समय न्यायाधीश ने उनसे अपनी बात संक्षेप में रखने और बयान समाप्त करने को कहा, ताकि अदालत आगे की कार्यवाही पूरी कर सके।