आजम खान बोले-सरेंडर के समय 98 किलो था वजन, अब 70 किलो रह गया
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में जेल में बिताए समय को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दो लोगों को 11×7 फुट की कोठरी में 20 से 24 घंटे तक बंद रखना किसी भी कानून के तहत उचित नहीं हो सकता। आजम खान ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया।
कोठरी में बंद रखने पर उठाए सवाल
आजम खान ने कहा कि उन्हें और अन्य लोगों को बेहद छोटी कोठरी में लंबे समय तक रखा गया। उन्होंने कहा, “किसी भी कानून के तहत दो लोगों को 11×7 फुट की कोठरी में 20 से 24 घंटे तक बंद नहीं रखा जा सकता। यह हमारे मानवाधिकारों का उल्लंघन है।”
भोजन की व्यवस्था पर भी सवाल
पूर्व मंत्री ने जेल में मिलने वाले भोजन को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जेलों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध कराती है, लेकिन उसके बावजूद कैदियों को बेहद खराब खाना दिया जाता है। आजम खान ने कहा कि वहां ऐसा भोजन मिलता है, जिसे “स्ट्रीट डॉग भी न खाए।” उन्होंने सवाल उठाया कि जेलों के लिए जारी होने वाला फंड आखिर किस तरह खर्च किया जा रहा है।
बोले- बहुत क्रूरता झेली है
सपा नेता ने कहा कि उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उन्होंने काफी क्रूरता झेली है। आजम खान के मुताबिक, जब उन्होंने आत्मसमर्पण किया था, तब उनका वजन करीब 98 किलो था, जो अब घटकर लगभग 70 किलो रह गया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके जीवनकाल में व्यवस्था में बदलाव का अवसर मिला तो वह जेल प्रशासन में व्यापक सुधार की कोशिश करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की याचिका खारिज की
यह बयान ऐसे समय आया है, जब सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की याचिका खारिज कर दी। मामला मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग केस से संबंधित है। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया। बेंच ने कहा कि चूंकि यह अंतरिम आदेश है, इसलिए इसमें हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही आजम खान की अंतरिम जमानत बरकरार रही।
