Akvan Cyclone: गोपालपुर के पास तट पार करने का अनुमान, जानें किन राज्यों में असर

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान और ओडिशा-आंध्र तट का सैटेलाइट दृश्य

अकवान चक्रवात को लेकर उत्तर आंध्र और दक्षिण ओडिशा तट के लिए IMD की चेतावनी।

Akvan Cyclone: ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का खतरा बढ़ गया है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह कल दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश-यानम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है।

110 किमी की स्पीड तक पहुंच सकता है तूफान

चक्रवात ‘अकवान’ नरसपुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के करीब से गुजर सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले छह घंटों से तूफान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। तट से टकराने के समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। झोंकों के साथ यह 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

ओडिशा सरकार ने शुरु कर दिया इवैक्यूशन

तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने इवैक्यूएशन शुरू कर दिया है। संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सरकार ने 9000 से अधिक आश्रय स्थल बनाए हैं और कई जिलों में NDRF और ODRAF सहित 300 से अधिक आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया है।

ए​​क लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया

सरकार के मुताबिक, अब तक एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। प्रशासन की नजर तटीय गांवों, निचले इलाकों और समुद्र के पास रहने वाले लोगों पर है। वहां लगातार अपडेट लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि सरकार सभी जरूरी तैयारियां कर रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा प्राथमिकता यह सुनिश्चित करने को दी जा रही है कि “किसी की जान न जाए”।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने भी जारी की अपील

पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने भी भक्तों के लिए अपील जारी की है। प्रशासन ने कहा है कि चक्रवाती तूफान को लेकर जारी मौसम संबंधी सलाह को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं।

कई ट्रेन सेवाएं रद्द

इधर, चक्रवात ‘अकवान’ के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने कई ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया है। कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। यात्रियों को निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा अपडेट जरूर देख लेना चाहिए।