IND vs NZ: केएल राहुल 5 रन पर थे, टॉम लैथम ने नहीं लिया DRS और रिप्ले देखा तो उड़ गए होश
वेलिंगटन टेस्ट में मैट हेनरी की LBW अपील पर केएल राहुल को नॉट आउट दिया गया।
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल की किस्मत ने उनका साथ दिया, वरना खेलने से पहले ही उन्हें पवेलियन लौटना पड़ता। हुआ यूँ कि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने राहुल को बॉल डाली और उसे लगा कि राहुल आउट हो गए हैं, पर अंपायर ने उसकी अपील पर आउट नहीं दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने भी डीआरएस नहीं लिया। बाद में रिप्ले में पता चला कि राहुल उस गेंद पर आउट थे। इसके बाद गेंदबाज मैट हेनरी गुस्से में आ गए और उन्होंने अपना स्वेटर उतारकर मैदान पर ही फेंक दिया।
ये पूरा मामला मैच के सातवें ओवर में सामने आया, जब तेज गेंदबाज मैट हेनरी बॉलिंग कर रहे थे। ओवर की पाँचवीं बॉल पर राहुल उनके सामने थे। मैट की गेंद राहुल के पैड पर जाकर लगी। इसके बाद हेनरी ने जोरदार अपील की। उन्हें लग रहा था कि राहुल आउट हो गए हैं, पर अंपायर कुमार धर्मसेना ने केएल राहुल को आउट नहीं दिया।
फिर गेंदबाज ने अपनी टीम के कप्तान टॉम लैथम से डीआरएस लेने की बात की। लेकिन टीम कुछ देर पहले ही एक डीआरएस ले चुकी थी, जिससे उसका एक रिव्यू कम हो गया था। बाद में टीम ने रिप्ले देखा तो पता चला कि केएल राहुल के पैड पर लगी गेंद लाइन में थी। अगर न्यूजीलैंड ने डीआरएस ले लिया होता तो राहुल आउट होकर पवेलियन लौट जाते। उस समय राहुल सिर्फ पाँच रन पर खेल रहे थे।
और मजे की बात ये है कि पूरा रिप्ले मैदान की बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। उसे टीम के सभी खिलाड़ियों ने देखा। उस समय उनके चेहरों पर गुस्सा साफ झलक रहा था। उसी गुस्से में तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने अपना स्वेटर उतारकर फेंक दिया।
हालांकि इस घटनाक्रम के बाद केएल राहुल और सलामी बल्लेबाज जायसवाल अलर्ट हो गए। दोनों ने संभलकर खेलना जारी रखा और न्यूजीलैंड को कोई विकेट लेने का मौका नहीं दिया।
आपको बता दें कि मैच की शुरुआत भारत के लिए बहुत अच्छी नहीं रही। चार ओवर तक भारत की टीम एक भी रन नहीं बना सकी थी। पाँचवें ओवर में जायसवाल ने चौका लगाया, तब जाकर टीम इंडिया का खाता खुला। उसके बाद भी दोनों सलामी बल्लेबाज एक-एक रन के लिए संघर्ष करते दिख रहे थे।
