गोरखपुर रोड शो हादसे पर अखिलेश बोले ‘कोई जानकारी नहीं’, सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला

akhilesh yadav

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के PDA रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर की मौत का मामला राजनीतिक टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें इस बारे में “कोई जानकारी नहीं” है। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन चौपाल के मंच से इस हादसे के लिए सीधे तौर पर सपा को जिम्मेदार ठहराते हुए तीखा हमला बोला है।

मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि “आखिर उस मासूम की गलती क्या थी?” योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा की अराजकता ने बच्चे की जान ली है। उन्होंने दोषियों को सजा दिलाने की बात कही और बताया कि वह आज शाम पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।

अखिलेश की प्रतिक्रिया और सीएम का संवेदनहीनता का आरोप

गोरखपुर रोड शो के दौरान हुई इस मौत पर अखिलेश यादव ने मामले की जानकारी न होने की बात कही। वहीं, जन चौपाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को “निर्मम हत्या” करार देते हुए सपा पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया।

सीएम के मुताबिक, कल सड़क पर हुई अराजकता में एक मासूम की जान चली गई, लेकिन माफिया और गुंडागर्दी के पोषक मौन रहे और उनके पास संवेदना के दो शब्द तक नहीं थे। 2017 से पहले के दौर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि तब प्रदेश में माफियाराज का बोलबाला था और सपा माफिया व अपराधियों की पर्याय रही है। तीखी टिप्पणी करते हुए योगी ने कहा कि ऐसे लोग “कुत्ते की टेढ़ी पूंछ की तरह हैं, जो कभी सीधे नहीं हो सकते।”

प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश, विपक्ष पर साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में एक बार फिर माफियाओं पर लगाम कसने की तैयारी की जा रही है।

सपा और कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं। अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनी हैं कि सपा और कांग्रेस के लोग उन पर गुंडागर्दी करें।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने माफियागिरी करने की कोशिश की, तो उसे “मिट्टी में मिलाने में देर नहीं होगी।” मुख्यमंत्री के शब्दों में, अराजकता फैलाने और माफियागिरी करने वालों के लिए “जेल या जहन्नम ही जगह होगी, तीसरी कोई जगह नहीं होगी।”

विपक्षी दलों को एक ही श्रेणी में रखते हुए सीएम ने आरोप लगाया कि जिन्होंने उत्तर प्रदेश को रौंदा, असुरक्षित किया और प्रदेश के सामने पहचान का संकट पैदा किया—चाहे कांग्रेस हो, समाजवादी पार्टी हो या हैदराबाद से आए लोग—ये सभी “एक ही थाली के चट्टे-बट्टे” हैं।

राप्ती तट पर हुआ आर्यवर्धन सिंह का अंतिम संस्कार

हादसे में जान गंवाने वाले किशोर की पहचान आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि कल सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA रोड शो के दौरान फूल बरसाने के लिए लाए गए बुलडोजर की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मौत हो गई थी।

आर्यवर्धन सिंह का अंतिम संस्कार आज सुबह राप्ती नदी के तट स्थित राजघाट पर किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम ओंकार सिंह श्रीनेत के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे।