दुर्जनों के अंतिम समय में मुंह से राम निकलता है’: सीएम योगी ने बिना नाम लिए अखिलेश पर साधा निशाना, अयोध्या से आमने-सामने लड़ने की दी चुनौती

yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राम नाम और ‘मारीच’ का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दुर्जनों का अंतिम समय आता है, तो उनके मुख से भी राम नाम निकल पड़ता है।

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि भक्तों को राम अच्छे दिनों में याद आते हैं। उनके मुताबिक, हर राम भक्त सोते, जागते, उठते और बैठते श्री राम का स्मरण करता है, जिससे उसे उनका संरक्षण प्राप्त होता है। उन्होंने आगे कहा, “जब दुर्जनों का अंतिम समय आता है, तो उसके मुख से भी राम नाम निकल पड़ता है। आपने मारीच को देखा होगा।”

अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती, सपा रोड शो पर निशाना

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को फिर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, “एक बार फिर से आमने-सामने हो ही जाए। हिम्मत नहीं है। कमजोर व्यक्ति आमने-सामने नहीं लड़ता, पीछे से वार करता है। इन कायरों की यही स्थिति है।”

सपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए सीएम योगी ने आरोप लगाया कि जिन्होंने माफिया के बल पर यूपी को तबाह किया, वे आज किस यूपी की बात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। सपा के रोड शो का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया का स्वरूप देखना हो, तो कल हुए समाजवादी पार्टी के रोड शो को देखा जा सकता है, जहां एक नाबालिग बच्चे को अराजकता का शिकार होना पड़ा।

पर्यावरण विश्वविद्यालय का भूमि पूजन और ‘संतुष्टीकरण’ पर जोर

पर्यावरण संरक्षण और विकास से जुड़े कदमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में जब उन्हें यहां आने का अवसर मिला था, तब उन्होंने जटायु के संरक्षण के साथ पर्यावरण विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता महसूस की थी। उन्होंने कहा कि आज उसी दिशा में भूमि पूजन का कार्य हो रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम कर रही है, जहां किसी का तुष्टीकरण नहीं, बल्कि सभी का संतुष्टीकरण लक्ष्य है। उनके अनुसार, सरकार केवल संवेदना व्यक्त करने या आंसू बहाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए भी काम करती है।

पर्यावरण दोहन पर चेतावनी, 35 करोड़ पौधारोपण का दावा

प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलावृष्टि, अतिवृष्टि और अनावृष्टि जैसी स्थितियों के पीछे पर्यावरण का दोहन एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा, “धरती हमारी माता है और हम सब उसके पुत्र हैं।”

सीएम ने स्पष्ट किया कि जिन नदियों को देवी और वनों को देवता के रूप में पूजा जाता है, उनके कटान और विनाश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2026 को प्रदेश की जनता ने 35 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसके मन में संवेदना होती है, वही प्रकृति की चिंता करता है।