‘भारत को लोकतंत्र का ज्ञान देने की जरूरत नहीं’: इटली की नेता ने कांग्रेस कार्यक्रम में नारा लगाने वाले फिलिबेक को लगाई कड़ी फटकार
कांग्रेस पार्टी के हालिया ‘भारत समिट-2026’ में इटली के नेता और यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक (Giacomo Filibeck) के ‘वोट चोर’ वाले बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) की करीबी नेता डेबोरा बर्गामिनी (Debora Bergamini) ने फिलिबेक को आड़े हाथों लेते हुए कड़ी फटकार लगाई है।
बर्गामिनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और उसे किसी से भी लोकतंत्र का पाठ पढ़ने की जरूरत नहीं है।
‘वोट चोर…’ नारे पर डेबोरा बर्गामिनी का पलटवार
डेबोरा बर्गामिनी ने अपने फेसबुक (Facebook) अकाउंट पर इस विवाद को लेकर लंबी पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा, “यूरोपियन सोशलिस्ट्स एंड डेमोक्रेट्स के एक इतालवी सदस्य ने प्रधानमंत्री मोदी की भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ‘वोट चोरों, सीट छोड़’। ऐसा इसलिए है क्योंकि भारत में विपक्ष सरकार पर वोटर लिस्ट (Voter List) में सुधार के लिए हमला कर रहा है। इस सुधार का असल मकसद दोहरी पहचान (Dual Identity) रखने वाले लोगों को वोटर लिस्ट से हटाना है।”
’97 करोड़ वोटर्स वाले देश को पाठ पढ़ाना ठीक नहीं’
भारतीय लोकतंत्र की तारीफ करते हुए बर्गामिनी ने फिलिबेक के बयान को अनुचित ठहराया। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “एक यूरोपीय होने के नाते, हम 97 करोड़ नागरिकों को मतदान का अधिकार देने वाले विशाल देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना ठीक नहीं समझते हैं।”
उन्होंने भारतीय सिस्टम पर भरोसा जताते हुए कहा, “भारत की अपनी मजबूत राजनीतिक संस्थाएं और स्वतंत्र न्यायपालिका है। किसी भी राजनीतिक संघर्ष या विवाद का समाधान वहां के लोकतंत्र के नियमों का पालन करते हुए और उनका पूरा सम्मान करते हुए ही किया जाना चाहिए।”
आखिर फिलिबेक ने क्या कहा था, जिस पर हुआ बवाल?
यह पूरा विवाद कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित ‘भारत समिट-2026’ के समापन सत्र के दौरान शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम में बतौर वक्ता शामिल हुए जियाकोमो फिलिबेक ने भरे मंच से विपक्षी दलों की तर्ज पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब फिलिबेक यह नारा लगा रहे थे, तब मंच पर मौजूद विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और अन्य कांग्रेस नेता हंसते हुए नजर आए थे।
अपने संबोधन में फिलिबेक ने वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ (One Person, One Vote) के सिद्धांत पर टिका है और इसके लिए एक पारदर्शी वोटर लिस्ट का होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने रामलीला मैदान में विपक्ष के हालिया प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा था कि दो हफ्ते पहले हजारों लोगों का वह मार्च लोकतंत्र को बचाने में कामयाब रहा। इसी संदर्भ में उन्होंने हिंदी में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया और फिर बाद में इसे अंग्रेजी में भी दोहराया (Vote thieves, leave the seat)।
फिलिबेक के इसी बयान को भारत के आंतरिक मामलों में दखलंदाजी मानते हुए इटली के सत्ताधारी खेमे से तीखी प्रतिक्रिया आई है।
