क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर: भारत को मिली 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी, ICC ने जारी किया कैलेंडर

Team-India-Lead-Sponsor-Rights

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2028 से लेकर 2035 तक के मेन्स क्रिकेट टूर्नामेंट्स का पूरा कैलेंडर फाइनल कर दिया है। इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों के बाद आईसीसी ने वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की विंडो और मेजबान देशों के नाम तय किए हैं। इस नए शेड्यूल में भारत को दो बड़े टूर्नामेंट्स की मेजबानी सौंपी गई है। भारत 2029 में अकेले चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन करेगा, जबकि 2031 में बांग्लादेश के साथ मिलकर वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा।

2006 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी

आईसीसी के नए शेड्यूल के मुताबिक, 2029 की मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी भारत में 9 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक खेली जाएगी। भारत को 2006 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारत ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का पिछला संस्करण जीता था, ऐसे में मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम के पास अब अपने घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बरकरार रखने का मौका होगा।

2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे वर्ल्ड कप

चैंपियंस ट्रॉफी के ठीक दो साल बाद, 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। यह मेगा टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक चलेगा।

भारत ने आखिरी बार 2023 में वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। उस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब 2031 में भारतीय टीम को एक बार फिर घरेलू परिस्थितियों में वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिलेगा।

इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में होगा 2030 का टी20 वर्ल्ड कप

आईसीसी के इस लंबे कैलेंडर की शुरुआत 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप (12 अक्टूबर–12 नवंबर) से होगी। इसके बाद 2030 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मिलकर करेंगे। यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त के बीच खेला जाएगा।

इंग्लैंड को 2029 और 2031 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की मेजबानी भी सौंपी गई है। साल 2032 और 2034 के टी20 वर्ल्ड कप, 2033 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2035 के वनडे वर्ल्ड कप की विंडो तय कर दी गई है, लेकिन इनके मेजबान देशों का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

2028 से 2035 तक का ICC टूर्नामेंट शेड्यूल

वर्ष टूर्नामेंट मेजबान देश तारीख
2028 मेन्स टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड 12 अक्टूबर – 12 नवंबर 2028
2029 WTC फाइनल इंग्लैंड 8 – 12 जून 2029
2029 चैंपियंस ट्रॉफी भारत 9 – 28 अक्टूबर 2029
2030 मेन्स टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड 4 जुलाई – 4 अगस्त 2030
2031 WTC फाइनल इंग्लैंड 12 – 16 जून 2031
2031 मेन्स वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश 9 अक्टूबर – 23 नवंबर 2031
2032 मेन्स टी20 वर्ल्ड कप मेजबान तय नहीं 14 अक्टूबर – 14 नवंबर 2032
2033 WTC फाइनल मेजबान तय नहीं 9 – 13 जून 2033
2033 चैंपियंस ट्रॉफी मेजबान तय नहीं 2 – 23 अक्टूबर 2033
2034 मेन्स टी20 वर्ल्ड कप मेजबान तय नहीं 6 जुलाई – 6 अगस्त 2034
2035 WTC फाइनल मेजबान तय नहीं 7 – 11 जून 2035
2035 मेन्स वनडे वर्ल्ड कप मेजबान तय नहीं 2 अक्टूबर – 18 नवंबर 2035