दिल्ली में छठ पूजा: कपिल मिश्रा का केजरीवाल पर तंज- ‘वो बैन लगाकर बैठे थे…’

kejriwal-1

दिल्ली में आस्था के महापर्व छठ पूजा को पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर भर में श्रद्धालुओं के अर्घ्य देने के लिए विशेष घाट तैयार किए गए हैं। इस मौके पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सरकार की तैयारियों का ब्योरा साझा करते हुए पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मिश्रा ने कहा कि पिछली सरकार ने यमुना में छठ पूजा पर रोक लगा रखी थी, जबकि मौजूदा सरकार श्रद्धालुओं का खुले दिल से स्वागत कर रही है।

1400 से ज्यादा घाटों पर भव्य आयोजन

कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए बताया कि आज दिल्ली में 1400 से अधिक घाटों पर छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोनिया विहार घाट पर मौजूद रहेंगी, जहां वे लाखों श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।

‘वो बैन लगाकर बैठे थे, हम नैन बिछाकर बैठे हैं’

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा निशाना साधते हुए कपिल मिश्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, “वो बैन लगाकर बैठे थे. हम नैन बिछाकर बैठे हैं।” मिश्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने सालों तक यमुना नदी में छठ पूजा करने पर प्रतिबंध लगाकर रखा था। उन्होंने मौजूदा सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि आज की दिल्ली सरकार श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पलकें बिछाकर तैयार है।

‘सही वोट’ की बदौलत मुमकिन हुआ यह बदलाव

अपने एक अन्य पोस्ट में कपिल मिश्रा ने इस बदलाव का श्रेय दिल्ली की जनता को दिया। उन्होंने लिखा कि दिल्लीवासियों द्वारा दिए गए ‘सही वोट’ की बदौलत ही यह मुमकिन हो पाया है। मिश्रा ने पिछली सरकार के दौरान हुई कार्रवाई की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह सरकार छठव्रतियों पर मुकदमे दर्ज नहीं करती, बल्कि उनके साथ प्रेम और सामंजस्य से महापर्व को मनाती है।

राजनीति नहीं, आस्था का सम्मान

घाटों के निर्माण पर बात करते हुए मिश्रा ने दावा किया कि मौजूदा सरकार छठ घाटों के निर्माण में कोई राजनीतिक पहचान नहीं तलाशती, बल्कि इसे विशुद्ध रूप से आस्था के सम्मान के रूप में देखती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए लिखा, “आइए प्रकृति उपासना के इस पर्व में छठी मैय्या की जयकार कर, भगवान सूर्य को सोनिया विहार घाट पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ जल अर्पित करें।”