स्पेसएक्स का ऐतिहासिक कारनामा, स्टारशिप को ‘मेकाज़िला’ ने हवा में पकड़ा
अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने एक नया इतिहास रच दिया है। शनिवार (14 नवंबर 2026) को 22 घंटे की कक्षीय (कक्षा में) यात्रा पूरी करने के बाद स्टारशिप अंतरिक्ष यान धरती पर लौट आया है। टेक्सास के उसी लॉन्च टॉवर पर विशाल मैकेनिकल आर्म की मदद से इसे पकड़ लिया गया, जहां से एक दिन पहले इसने उड़ान भरी थी। हवा में ही किसी अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक रिकवर करने का यह दुनिया का पहला मामला है।
एलन मस्क के ‘रीयूजेबल मिशन’ में मील का पत्थर
पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले रॉकेट सिस्टम को विकसित करने के स्पेसएक्स के प्रयासों में यह लैंडिंग एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। धरती पर वापसी के दौरान स्टेनलेस स्टील से बना यह अंतरिक्ष यान बादलों को चीरते हुए स्पेसएक्स की स्टारबेस फैसिलिटी के ऊपर पहुंचा। इसने खुद को सीधे खड़े रखने के लिए अपने इंजन दोबारा चालू किए और धीरे-धीरे नीचे उतरते हुए लॉन्च टॉवर की मैकेनिकल आर्म के बीच आ गया। इन आर्म्स को ‘मेकाज़िला’ (Mechazilla) का नाम दिया गया है। मेकाज़िला की पकड़ में आते ही इसके इंजन बंद हो गए और अंतरिक्ष यान जमीन से कुछ ऊपर हवा में ही सुरक्षित लटक गया।
बूस्टर में विस्फोट के कारण अधूरा रहा एक लक्ष्य
स्टारशिप को हवा में रिकवर करना एक बड़ी कामयाबी है, लेकिन स्पेसएक्स अपने रॉकेट के दोनों हिस्सों को सुरक्षित वापस पाने के पूर्ण लक्ष्य में कामयाब नहीं हो सका। शुक्रवार को लॉन्चिंग के कुछ ही समय बाद इसके सुपर हैवी बूस्टर में विस्फोट हो गया था। इस वजह से बूस्टर की रिकवरी नहीं की जा सकी।
स्पेसएक्स ने साझा किया ऐतिहासिक वीडियो
इस असाधारण लैंडिंग का वीडियो स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। फुटेज में स्टारशिप को लॉन्च टॉवर की ओर आते और फिर विशाल मैकेनिकल आर्म की मदद से पकड़े जाते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो में रॉकेट इन आर्म्स के बीच स्थिर हो जाता है।
इस घटना का वीडियो साझा करते हुए स्पेसएक्स ने अपनी टीम का हौसला बढ़ाया और लिखा, “मेकाज़िला ने स्टारशिप को पकड़ लिया! इस शानदार उपलब्धि के लिए पूरी स्पेसएक्स टीम को बधाई।”
लैंडिंग को लाइव देख रहे स्पेसएक्स के कमेंटेटर डैन ह्यूओट भी खुद को प्रतिक्रिया देने से नहीं रोक पाए। उन्होंने उत्साह से भरे लहजे में कहा, “क्या आप विश्वास कर सकते हैं? इसे देखिए ये कमाल है, यह वापस आ गया है!”
