भारत समिट 2026: राहुल गांधी के बयान पर BJP का पलटवार, कहा- ‘यह भारत बदनाम समिट है’
हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा दिए गए बयानों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने कांग्रेस पर अंतरराष्ट्रीय मंच का इस्तेमाल कर भारत और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बीजेपी नेता सीआर केसवन ने इस आयोजन को ‘भारत बदनाम समिट’ करार दिया है। वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने इसे पूरी तरह विफल और ‘भारत विरोधी सम्मेलन’ बताया है।
विदेशी प्रतिनिधियों और जॉर्ज सोरोस कनेक्शन पर उठे सवाल
रविवार को सीआर केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रायोजित समिट में देश और लोकतंत्र के खिलाफ अपमानजनक बातें कही गईं।
केसवन ने सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले विदेशी प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि वह इन विदेशी प्रतिनिधियों की पृष्ठभूमि सार्वजनिक करे। साथ ही, यह भी स्पष्ट करे कि क्या इन प्रतिनिधियों का अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस (George Soros) और उनके द्वारा वित्त पोषित संगठनों से कोई संबंध है। बीजेपी नेता ने चेतावनी दी कि भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘विदेशी ताकतों की मदद से अस्थिरता फैलाने की कोशिश’
सीआर केसवन ने राहुल गांधी के पुराने बयान—”यह सिर्फ भारत की लड़ाई नहीं है”—का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों को भारतीय लोकतंत्र पर हमला करने का मंच देना कोई इत्तेफाक नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारतीय लोकतंत्र को अस्थिर करना चाहते हैं, लेकिन इसका राजनीतिक नुकसान सिर्फ कांग्रेस को ही उठाना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
बता दें कि हैदराबाद में आयोजित इस दो दिवसीय समिट में तेलंगाना के सीएम ए रेवंत रेड्डी और करीब 70 देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। इसके समापन सत्र में राहुल गांधी ने कई गंभीर आरोप लगाए थे:
-
लोकतंत्र खत्म: राहुल ने कहा कि 2014 के चुनाव में करोड़ों डॉलर का इस्तेमाल हुआ और भारत का लोकतंत्र खत्म कर दिया गया।
-
वोटर लिस्ट में धांधली: उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में संशोधन पर सवाल उठाए। महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए दावा किया कि तीन महीने के भीतर 70 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जिन्होंने बीजेपी को वोट दिया।
-
फासीवादी ताकतें: राहुल ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक से शिक्षा, कारोबार और राजनीति में फासीवादी सोच रखने वाले लोग हावी हो रहे हैं।
आपातकाल का जिक्र कर बंदी संजय कुमार का पलटवार
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने राहुल गांधी के आरोपों का करारा जवाब दिया। राहुल की लोकतंत्र की समझ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कांग्रेस के ‘आपातकाल’ और ‘परिवारवाद’ की याद दिलाई। उन्होंने पूछा, “क्या लोकतंत्र का मतलब एक ही परिवार का दशकों तक शासन करना है? क्या पूरी पार्टी को एक परिवार के नियंत्रण में रखना ही राहुल गांधी के लिए लोकतंत्र है?”
मतदाता सूची से 14 करोड़ वोट हटाए जाने के राहुल के दावे पर कुमार ने स्पष्ट किया कि मृत व्यक्तियों और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाना एक जरूरी प्रक्रिया है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती दी कि अगर 2014 के चुनाव खर्च को लेकर उनके पास सबूत हैं, तो वे चुनाव आयोग या अदालत का रुख क्यों नहीं करते। बंदी संजय ने तंज कसते हुए कहा कि जब नतीजे कांग्रेस के पक्ष में नहीं आते, तो वे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं।
