राहुल गांधी ने तेलंगाना में लॉन्च की गिग वर्कर्स स्कीम, 10 लाख के इंश्योरेंस का ऐलान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना में ‘गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना’ (Gig Workers Social Security and Welfare Scheme) की शुरुआत की है। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने डिलीवरी और ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े वर्कर्स के लिए कई बड़े ऐलान किए। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी सीधा हमला बोला और आरोप लगाया कि ये लोग देश के युवाओं को ‘बंधुआ मजदूर’ बनाना चाहते हैं।
हर डिलीवरी ट्रांजैक्शन का 1% सीधा खाते में
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के साथ अपनी पिछली मुलाकातों का जिक्र करते हुए कहा कि उस वक्त वर्कर्स ने जो दुख-दर्द साझा किया था, उसे दूर करने का वादा आज कांग्रेस सरकार निभा रही है। उन्होंने योजना का सबसे अहम पहलू बताते हुए कहा कि अब हर डिलीवरी के लिए होने वाले ट्रांजैक्शन का 1% हिस्सा सीधे गिग वर्कर को मिलेगा। राज्य के हर शहर में कंपनियों को यह राशि देनी होगी। यह पैसा पहले ‘गिग वर्कर्स बोर्ड’ के पास जाएगा और वहां से सीधे वर्कर्स के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
‘डेटा पर मिलेगा वर्कर को अपना अधिकार’
डेटा की ताकत का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 21वीं सदी डेटा की सदी है। गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और ऊबर जैसी कंपनियां इसी के दम पर चल रही हैं, लेकिन भारत में अब तक गिग वर्कर को अपने ही काम का डेटा देखने का अधिकार नहीं था। उन्होंने बताया कि यह नया कानून वर्कर्स को उनके डेटा पर अधिकार देगा। तेलंगाना सरकार यह गारंटी दे रही है कि वर्कर दिनभर में कितनी राइड पूरी करता है और उसके एवज में उसे कितना पैसा मिलता है, यह पूरी पारदर्शी जानकारी सीधे उसके मोबाइल फोन पर उपलब्ध रहेगी।
5 लाख का एक्सीडेंट और 10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस
सड़कों पर जोखिम उठाकर काम करने वाले इन वर्कर्स की सुरक्षा के लिए सरकार ने बीमा का भी ऐलान किया है। राहुल गांधी ने बताया कि अगर किसी गिग वर्कर के साथ कोई दुर्घटना होती है या वह बीमार पड़ता है, तो उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इसे देखते हुए तेलंगाना सरकार हर गिग वर्कर को 5 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल (दुर्घटना) इंश्योरेंस और 10 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस (स्वास्थ्य बीमा) मुहैया कराएगी।
हैदराबाद समेत पूरे राज्य में बनेंगे ‘रेस्ट जोन’
चिलचिलाती धूप में शहरों में घूम-घूमकर सामान पहुंचाने वाले वर्कर्स की सुविधा के लिए राज्य सरकार ‘रेस्ट जोन’ (Rest Zone) बनाने जा रही है। राहुल गांधी ने बताया कि इन रेस्ट जोन में वाई-फाई (Wi-Fi) की सुविधा होगी, जहां वर्कर्स अपने वाहन पार्क कर सकेंगे और उन्हें बैठने, आराम करने या सोने के लिए एक तय जगह मिलेगी। यह सुविधा हैदराबाद के साथ-साथ राज्य के सभी शहरों में उपलब्ध कराई जाएगी।
BJP-RSS पर ‘बंधुआ मजदूर’ बनाने का आरोप
मंच से बीजेपी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने वैचारिक लड़ाई का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस के लोग गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाकर रखना चाहते हैं। कांग्रेस नेता ने अपनी बात खत्म करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी और कांग्रेस पार्टी की सोच इस नजरिए से बिल्कुल अलग है।
