सोनिया गांधी की किताब में गोधरा कांड को लेकर बड़ा दावा, पूर्व SIT चीफ राकेश अस्थाना ने सबूतों के साथ दिया जवाब

sonia

गोधरा ट्रेन अग्निकांड को 24 साल बीत चुके हैं, लेकिन साबरमती एक्सप्रेस की घटना को लेकर सियासी बहस एक बार फिर तेज हो गई है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी हालिया प्रकाशित किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में 2002 के गोधरा कांड और गुजरात के सांप्रदायिक दंगों का जिक्र किया है। किताब के पेज 403 पर उन्होंने ट्रेन में लगी आग के कारण को ‘विवादित’ बताया है। इस दावे पर अब घटना की जांच करने वाली गुजरात पुलिस की विशेष जांच दल (SIT) के तत्कालीन प्रमुख राकेश अस्थाना ने कड़ी आपत्ति जताई है। अस्थाना ने स्पष्ट किया है कि आग लगने का कारण कोई विवादित विषय नहीं था, बल्कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया हत्याकांड था।

अस्थाना का पलटवार- ‘ठोस सबूतों पर आधारित थी जांच’

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में पूर्व आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना ने सोनिया गांधी के दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने का मामला पूरी तरह से फोरेंसिक सबूतों, चश्मदीदों की गवाही, आरोपियों के कबूलनामे और घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच पर आधारित था।

अस्थाना के मुताबिक, अभियोजन पक्ष (प्रॉसिक्यूशन) का केस केवल आरोपियों के बयानों पर टिका नहीं था। स्वतंत्र गवाहों और फोरेंसिक सबूतों के आधार पर ही ट्रायल कोर्ट और गुजरात हाई कोर्ट ने दोषियों को सजा सुनाई थी। पूर्व सीबीआई विशेष निदेशक ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि जांच को पूरी तरह से गवाहों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाया गया था।

चेन पुलिंग और 140 लीटर पेट्रोल: कैसे रची गई थी साजिश?

पूर्व SIT प्रमुख ने 2002 के उस दिन का सिलसिलेवार ब्योरा देते हुए बताया कि ट्रेन को सुनियोजित तरीके से रोका गया था। सुबह 8:10 बजे जब ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी, तो एक साथ 3-4 बोगियों में चेन पुलिंग की गई। ट्रेन दोबारा शुरू हुई तो फिर से चार डिब्बों में चेन खींची गई। इसके बाद दो डिब्बों के बीच मौजूद वैक्यूम चाबी को घुमाकर ट्रेन को आधा किलोमीटर चलने के बाद फिर से रोक दिया गया।

ट्रेन सिग्नल फलिया इलाके के पास रुकी, जहां पहले से ही 150-200 लोगों की भीड़ जमा थी। यह भीड़ सीधे S6 कोच के सामने खड़ी थी। इस भीड़ में शामिल 20-25 लड़कों ने पहले से पेट्रोल जमा कर रखा था। अस्थाना ने बताया कि S6 कोच का वेस्टिब्यूल (दो डिब्बों के बीच का हिस्सा) 1987 का बना हुआ कैनवस का था, जिसे युवकों ने आसानी से काट दिया। स्लाइडिंग दरवाजे से अंदर जाने की कोशिश हुई, लेकिन पत्थरबाजी के कारण यात्रियों ने दरवाजा बंद कर लिया था। इसके बाद भीड़ ने धक्का देकर दरवाजा खोला और अंदर घुसकर 140 लीटर पेट्रोल बोगी में उड़ेल दिया।

5 मिनट में जल उठी थी बोगी

पेट्रोल डालने के बाद हमलावर अंदर से दरवाजा खोलकर बाहर कूद गए। बाहर खड़ी भीड़ ने टूटी हुई खिड़कियों से अंदर जलती हुई मशालें फेंकनी शुरू कर दीं। महज 5 मिनट के भीतर पूरी बोगी आग की लपटों में घिर गई। इस दर्दनाक घटना में 59 लोगों की जान चली गई, जिनमें 27 महिलाएं, 10 बच्चे और 22 पुरुष शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया कि जो यात्री जान बचाने के लिए बोगी से बाहर कूदे, उन्हें भीड़ ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

अमन गेस्ट हाउस में हुई थी प्लानिंग

सोनिया गांधी की किताब में इसे ‘विवादित’ या ‘हादसा’ बताने वाले नैरेटिव पर जोर देते हुए अस्थाना ने कहा कि जांच के तथ्य इसे कहीं से भी हादसा नहीं मानते। सुबह-सुबह भीड़ का जमा होना, पेट्रोल इकट्ठा करना और अमन गेस्ट हाउस में मीटिंग करके पूरी रूपरेखा तैयार करना—ये सब एक स्पष्ट साजिश को दर्शाते हैं। उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस का मालिक रज्जाक कुरकुर भी इस साजिश के मुख्य सूत्रधारों में शामिल था।

सोनिया गांधी ने किताब में क्या लिखा है?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (पेज 401 से 403) में 2002 के गुजरात दंगों की पृष्ठभूमि का जिक्र किया है। उन्होंने पेज 403 पर लिखा है कि 2002 के दंगे तब भड़के थे जब साबरमती एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में आग लगा दी गई थी। उन्होंने लिखा है कि इसमें राम मंदिर के स्वयंसेवक सवार थे और 59 तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी, जो अयोध्या से अहमदाबाद लौट रहे थे। सोनिया ने आगे दावा किया है कि “आग लगने के कारण अब भी विवादित हैं”, जिसके बाद पूरे राज्य में अशांति फैल गई और इसका शिकार मुख्य रूप से मुस्लिम समुदाय हुआ।