सपा दफ्तर के बाहर नया पोस्टर: सीता-रावण का जिक्र कर सरकार पर सीधा हमला, लिखा- ’10 साल से भेष बदलकर लूट रहे हैं’
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय के बाहर लगा एक नया पोस्टर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। इस होर्डिंग के जरिए सपा नेता ने रामायण की एक घटना (सीता हरण) का जिक्र करते हुए सीधे तौर पर प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाया है। इस पोस्टर को यूपी चुनाव से पहले सपा के सॉफ्ट हिंदुत्व के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भगवान राम और श्रीकृष्ण की तस्वीरों के साथ अखिलेश
यह बड़ी सी होर्डिंग मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव एडवोकेट प्रवेश यादव की तरफ से लगवाई गई है। पोस्टर में बाईं ओर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर लगी है, जबकि दाईं ओर भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीरें छापी गई हैं। इसके अलावा पोस्टर में उत्तर प्रदेश का नक्शा भी दर्शाया गया है।
‘रावण ने एक बार भेष बदला…’
पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में प्रदेश सरकार पर तीखा तंज कसा गया है। इसमें लिखा है- “रावण ने एक बार भेष बदला, सीता मां चली गईं… और यहां यूपी में 10 साल से भेष बदलकर लूट रहे हैं, भ्रष्टाचार कर रहे हैं।” यह संदेश सीधे तौर पर सत्तारूढ़ दल को निशाना बनाकर लिखा गया है, जिसमें उन पर भेष बदलकर जनता को लूटने का आरोप मढ़ा गया है।
सॉफ्ट हिंदुत्व की झलक और तेज होता पोस्टर वॉर
यूपी में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। अखिलेश यादव पहले भी सॉफ्ट हिंदुत्व के जरिए पार्टी की छवि को विस्तार देने की कोशिश करते रहे हैं, और यह पोस्टर उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
गौरतलब है कि चुनाव करीब आते ही यूपी में ‘पोस्टर वॉर’ तेज हो गया है। इससे पहले शुक्रवार को भी सपा का एक पोस्टर सुर्खियों में आया था। उस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘बुलडोजर नीति’ पर निशाना साधते हुए लिखा गया था, “जो आए थे बुलडोज़र से, वो जाएंगे साइकिल से… बुलडोजर वाली ज़ुल्मी हुकूमत के सामने आ डटी है जनता अपनी साइकिल के साथ… इस घमंडी सत्ता के हर जुल्म के ख़िलाफ़ बदले की शुरुआत बदलापुर से।”
