‘सच का कोई धर्म नहीं’: RSS चीफ मोहन भागवत ने सुनाया संघ का बचाव करने वाले मुस्लिम व्यक्ति का किस्सा, तो मस्जिद एसोसिएशन ने की तारीफ

mohan

‘साउथ इंडिया दरगाह एंड मस्जिद एसोसिएशन’ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने 1930 के दशक में एक मुस्लिम व्यक्ति के महत्वपूर्ण योगदान को याद किया था। भागवत ने उस किस्से का जिक्र किया जब संघ पर प्रतिबंध लगने का खतरा मंडरा रहा था और इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने खुलकर संघ का बचाव किया था।

मोहन भागवत ने क्या सुनाया था किस्सा?

आरएसएस प्रमुख ने उस समय की घटना को याद करते हुए बताया कि सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की जा रही थी।

मोहन भागवत के मुताबिक, ‘उस समय संघ के समर्थन में कोई स्वयंसेवक सामने नहीं आया था। ऐसे में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ का पक्ष रखते हुए कहा था कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि वह सांप्रदायिक (कम्युनल) संगठन नहीं है।’

भागवत ने बताया कि इब्राहिम का मानना था, ‘हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बताने वाले लोग मानसिक रूप से बीमार हैं और उन्हें मेंटल हॉस्पिटल भेजा जाना चाहिए। मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं, वे मानसिक रूप से बीमार नहीं, बल्कि एक नेक इंसान हैं, लिहाजा संघ कम्युनल नहीं हो सकता।’

मस्जिद एसोसिएशन ने की बयान की सराहना

मोहन भागवत के इस किस्से और बयान पर एसोसिएशन के सचिव जाफर अली ने उनकी जमकर तारीफ की। अली ने कहा कि धर्म से ऊपर उठकर किसी व्यक्ति के योगदान को इस तरह सम्मान देना आपसी सद्भाव और लोकतांत्रिक भावना की एक मजबूत मिसाल है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जाफर अली ने कहा, ‘सच का कोई धर्म नहीं होता, इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती और देशभक्ति हर भारतीय का अधिकार है। देश का इतिहास सभी धर्मों के लोगों के योगदान से समृद्ध हुआ है।’

‘योगदान को धार्मिक पहचान से नहीं तौला जाना चाहिए’

एसोसिएशन के सचिव ने एकता का संदेश देते हुए कहा कि समाज में किसी के भी योगदान को उसकी धार्मिक पहचान से नहीं तौला जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमारी आस्था भले ही अलग-अलग हो, लेकिन हमारा संविधान एक है, हमारी मातृभूमि एक है और हमारा भविष्य भी एक है। इब्राहिम को मिला यह सम्मान देश में आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगा।’