ढाका की झुग्गियों को ‘दिल्ली’ बताने वाले चीनी व्लॉगर्स पर एक्शन: भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेश ने दिखाई सख्ती

china

बांग्लादेश की राजधानी ढाका की गरीब बस्तियों और संकरी गलियों का वीडियो बनाकर उन्हें ‘भारत’ (नई दिल्ली) बताने वाले चीनी व्लॉगर्स पर अब शिकंजा कसने लगा है। भारत द्वारा इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद बांग्लादेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इन चीनी नागरिकों पर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है, जिसके चलते उनकी गतिविधियों में काफी कमी आई है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों की निगरानी तेज

बांग्लादेशी अखबार ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका के उत्तरा पश्चिम पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने गुरुवार को बताया कि एजेंसियों के दखल के बाद चीनी व्लॉगर्स की सक्रियता काफी हद तक कम हो गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन चीनी नागरिकों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही हैं।

भारत को बदनाम करने की थी सुनियोजित साजिश!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 150 चीनी व्लॉगर्स ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में सक्रिय थे। ये व्लॉगर्स वहां की खराब बस्तियों की लाइवस्ट्रीमिंग चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करते थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि वे ढाका के इन इलाकों को ‘नई दिल्ली’ बताकर पेश करते थे और वहां के निवासियों की लाइफस्टाइल पर अपमानजनक टिप्पणियां करते थे।

ये व्लॉगर्स बिना अनुमति के स्थानीय लोगों के घरों में घुसकर वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे, और भोले-भाले स्थानीय नागरिकों को इस बात की भनक तक नहीं थी कि उन्हें दुनिया के सामने किस रूप में दिखाया जा रहा है। आशंका है कि यह भारत के खिलाफ चलाया जा रहा एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान (Propaganda) था। इसके लिए स्थानीय बांग्लादेशी नागरिकों को पैसे भी दिए जाते थे।

वीजा खत्म होते ही देश छोड़ने का फरमान

10 नवंबर को भारत के विदेश मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए झूठे प्रचार के जरिए भारत की छवि खराब करने वाले इन चीनी व्लॉगर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेशी अधिकारियों ने हरकत में आते हुए इन चीनी नागरिकों से उनके पासपोर्ट और वीजा तलब किए। अधिकारियों ने उनसे पूछा कि वे टूरिस्ट वीजा पर आकर इस तरह की गतिविधियों में क्यों शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन व्लॉगर्स को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि उनके वीजा की अवधि खत्म होते ही वे अपने देश लौट जाएं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि वीजा नियमों के उल्लंघन को लेकर उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जा रही है या नहीं।

क्या कह रहे हैं स्थानीय लोग?

इस पुलिसिया सख्ती का असर जमीन पर भी दिखने लगा है। टेकपारा इलाके के निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया, ‘मैं दो दिन से घर पर हूं और मैंने किसी चीनी नागरिक को आते-जाते नहीं देखा है।’

वहीं, एक रिक्शा चालक इमामुल इस्लाम ने खुलासा किया, “उत्तरा के सेक्टर-12 से सटी नहर पर बना पुल इन चीनी नागरिकों का अड्डा हुआ करता था। वे दिन-रात वीडियो बनाते रहते थे, लेकिन अब वे वहां दिखाई नहीं दे रहे हैं।”