अजित पवार की मौत हादसा या साजिश? NCP प्रवक्ता उमेश पाटिल ने उठाए सवाल, बोले- ‘ये मेरी गट फीलिंग’

ncp

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत का मामला एक बार फिर गरमा गया है। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रदेश प्रवक्ता उमेश पाटिल ने इस घटना को लेकर बड़ा दावा किया है। पाटिल ने आशंका जताई है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनके पास इस दावे को साबित करने के लिए कोई पक्का सबूत मौजूद नहीं है।

25 साल के साथ और घटनाओं के आधार पर गहराया शक

उमेश पाटिल के मुताबिक, पूरे महाराष्ट्र में इस हादसे को लेकर अलग-अलग स्तरों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से अजित दादा के साथ जो हुआ, वह हादसा नहीं बल्कि साजिश थी। यह मेरी गट फीलिंग है।”

पाटिल ने बताया कि वह और पार्टी के अन्य सहयोगी पिछले 20-25 सालों से अजित पवार के साथ काम कर रहे थे। उनका मानना है कि पिछली घटनाओं और परिस्थितियों को जोड़कर देखने पर साजिश की आशंका नजर आती है। इसके साथ ही उन्होंने जांच एजेंसियों की तकनीकी रिपोर्ट का इंतजार करने की बात भी कही। उनका कहना है कि विमान के तकनीकी पहलुओं की जांच पूरी हुए बिना किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच आगे बढ़ने के बाद ही इस विषय पर कुछ कहना उचित रहेगा।

बारामती एयरपोर्ट पर रनवे के पास क्रैश हुआ था विमान

यह दुर्घटना 28 जनवरी 2026 की सुबह हुई थी। अजित पवार जिला परिषद चुनाव की रैलियों को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। उन्होंने दिल्ली की चार्टर कंपनी ‘VSR Ventures’ का ‘बमबार्डियर लियरजेट 45’ (रजिस्ट्रेशन VT-SSK) विमान लिया था।

सुबह करीब 8:10 बजे विमान ने छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, जिसमें पवार समेत कुल पांच लोग सवार थे। बारामती एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के कारण लैंडिंग की पहली कोशिश विफल रही। दूसरी कोशिश के दौरान रनवे थ्रेशोल्ड के पास विमान क्रैश हो गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई।

बेटे जय पवार ने ली CID से जानकारी, CBI जांच की उठ चुकी है मांग

वर्तमान में इस मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) और महाराष्ट्र CID कर रही है। जांच की प्रगति को लेकर हाल ही में अजित पवार के बेटे जय पवार ने CID अधिकारियों से मुलाकात की थी। इससे पहले NCP (SP) के नेता रोहित पवार सहित कई अन्य राजनीतिक चेहरे भी इस दुर्घटना पर संदेह जता चुके हैं। इन नेताओं ने इस पूरे प्रकरण की CBI जांच कराने की मांग रखी है।