सोनिया गांधी की किताब पर छिड़ा सियासी घमासान, यूपी बीजेपी चीफ पंकज चौधरी ने आंसुओं को बताया ‘तुष्टिकरण’
कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के रिलीज होते ही विवाद शुरू हो गया है। किताब में 1984 के सिख दंगों, बाबरी मस्जिद और अन्य विवादास्पद मुद्दों पर सोनिया गांधी के दावों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज है। उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए सोनिया गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
पंकज चौधरी ने उठाए सोनिया गांधी के आंसुओं पर सवाल
यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए बाबरी मस्जिद और बाटला हाउस एनकाउंटर का जिक्र किया। उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि सिख नरसंहार और कश्मीर में हिंदुओं के नरसंहार पर जो आंसू सूखे रहे, वे बाटले वाले आतंकवादियों और बाबरी ढांचे के लिए क्यों निकल आए।
चौधरी ने इसे ‘तुष्टिकरण की राजनीति’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तुष्टिकरण के मार्गदर्शन में इंडिया (I.N.D.I.A) गठबंधन गिरावट का इतिहास रच रहा है।
कांग्रेस नेताओं पर भी साधा निशाना
अपने पोस्ट में पंकज चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि खरगे को दीपावली बोलने में झिझक होती है, जबकि इमरान मसूद ने हिंदुओं के त्योहार दीपावली को लेकर अपशब्द कहे हैं। चौधरी ने दावा किया कि ‘तुष्टिकरण के इसी रोग की वजह से कांग्रेस और इंडी गठबंधन ICU में वेंटिलेटर पर है।’
सोनिया की किताब में ऐसा क्या है, जिस पर हो रहा है बवाल?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में इमरजेंसी, इंदिरा गांधी की सरकार, राजीव गांधी की हत्या, बाबरी मस्जिद, शाह बानो केस और मेनका गांधी से जुड़े कई विवादास्पद मुद्दों का जिक्र किया है।
सबसे बड़ा विवाद 1984 के सिख विरोधी दंगों पर किए गए दावों को लेकर है। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी इन दंगों से बेहद दुखी थे। किताब के मुताबिक, 31 अक्टूबर 1984 की रात तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल ए.एस. वैद्य को सेना बुलाने के आदेश मिल गए थे, लेकिन उन्होंने नजदीकी टुकड़ियों को इसलिए नहीं बुलाया क्योंकि उनमें सिख सैनिक थे। इसके बजाय देहरादून से सेना की टुकड़ियों को दिल्ली बुलाने का आदेश दिया गया, जो 1 नवंबर की रात दिल्ली पहुंचनी शुरू हुईं।
बीजेपी का पलटवार: ‘झूठा इतिहास लिखने की कोशिश’
सोनिया गांधी के इन दावों पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी का आरोप है कि सोनिया गांधी किताब के जरिए ‘झूठा इतिहास लिखने की कोशिश कर रही हैं’ और खुद को क्लीनचिट दे रही हैं।
पार्टी का दावा है कि 31 अक्टूबर की रात और 1 नवंबर की सुबह दिल्ली में 6,100 सैनिक मौजूद थे, लेकिन उन्हें समय पर तैनात नहीं किया गया। बीजेपी नेताओं के मुताबिक, अगर इनमें से 5,000 सैनिकों को भी 1 नवंबर की सुबह दिल्ली की सड़कों पर उतारा गया होता, तो कम से कम 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी।
