यूपी की विधानसभा वोटर लिस्ट से 3.38 करोड़ मतदाता नदारद, अब पंचायत और निकाय सूची से मिलान करेगा चुनाव आयोग

Election-commission

उत्तर प्रदेश में पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में वोट डालने वाले करीब 3 करोड़ 38 लाख मतदाताओं के नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट से गायब हैं। इस बड़े अंतर के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने तीनों सूचियों का मिलान कराने का फैसला किया है। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए प्रदेश में युद्धस्तर पर स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी।

आंकड़ों में समझें: कहां से कितने नाम हुए कम

यूपी में पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में कुल 12 करोड़ 58 लाख मतदाता दर्ज हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों की विधानसभा सूची में यह आंकड़ा 10 करोड़ 20 लाख है। यानी गांवों में 2 करोड़ 38 लाख वोटर कम हैं। इसी तरह शहरी इलाकों की निकाय सूची में 4 करोड़ 32 लाख मतदाता हैं, लेकिन शहरी विधानसभा सूची में सिर्फ 3 करोड़ 31 लाख नाम ही मौजूद हैं। कुल मिलाकर पंचायत और निकाय चुनाव की लिस्ट में 16 करोड़ 90 लाख मतदाता हैं, जबकि विधानसभा सूची में यह संख्या केवल 13 करोड़ 52 लाख है।

सीएम योगी आदित्यनाथ भी उठा चुके हैं मुद्दा

वोटर लिस्ट से बड़े पैमाने पर नाम कटने का मुद्दा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उठा चुके हैं। हाल ही में एक पार्टी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि 1 करोड़ 27 लाख वोटर कम हुए हैं। उनके मुताबिक, 66 लाख मतदाता ऐसे हैं जो पंचायत में तो वोट दे सकते हैं, लेकिन विधानसभा सूची से उनके नाम गायब हैं। मुख्यमंत्री ने बताया था कि 55 लाख ऐसे लोग हैं जो उज्ज्वला गैस जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन वोट नहीं दे पा रहे। इसके अलावा 18 साल की उम्र पूरी कर चुके करीब पांच लाख नए मतदाताओं के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ सके हैं।

युद्धस्तर पर शुरू होगा ‘मिशन मोड’

चुनाव आयोग की जांच में सामने आया है कि शहर के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में लाखों लोगों के नाम छूट गए हैं। अब पंचायत की हालिया वोटर लिस्ट को आधार बनाकर जांच शुरू होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, यह एक बड़ा काम है जिसे स्पेशल ड्राइव चलाकर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास अब काम का बोझ कम है और वर्तमान में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) भी चल रहा है, जिससे छूटे हुए नामों को आसानी से जोड़ लिया जाएगा।

17 नवंबर को ड्राफ्ट और 4 जनवरी को आएगी फाइनल लिस्ट

भारत निर्वाचन आयोग ने SSR-2027 की समय-सारिणी में बदलाव किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 17 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, अपात्रों के नाम हटवाने और दर्ज विवरण में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इन आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम वोटर लिस्ट अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी 2027 को ही जारी होगी।