गोली क्यों चली… नेताजी बहुत तकलीफ में थे”: अयोध्या गोलीकांड पर सपा नेता ST हसन का बड़ा बयान

st hasan

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) से पहले 1990 के अयोध्या गोलीकांड (Ayodhya Firing 1990) को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी बीच, सपा के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन (ST Hasan) ने इस मुद्दे पर एक बड़ा और अहम बयान दिया है।

उन्होंने गोलीकांड के लिए सीधे तौर पर अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) इस घटना से खुद बहुत परेशान और तकलीफ में थे।

“कारसेवकों के आंसुओं पर सियासत कब तक?”

एसटी हसन ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, “कितना टाइम गुजर चुका है। कारसेवकों के आंसुओं पर सियासत कब तक होती रहेगी?”

उन्होंने 1990 की घटना का बचाव करते हुए स्पष्ट किया, “उस वक्त जो भी हुआ था, हमारे नेताजी ने गोली नहीं चलवाई थी। सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में एफिडेविट (हलफनामा) दिया गया था कि बाबरी मस्जिद (Babri Masjid) की हिफाजत करनी है। जो भी अधिकारी वहां तैनात थे, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के एफिडेविट के मान-सम्मान के लिए, कानून बचाने के लिए वहां पर गोली चला दी।”

एसटी हसन ने दावा किया, “नेताजी किस कदर परेशान थे, यह हमें पता है। वो खुद तकलीफ में थे कि गोली क्यों चल गई? अब उसे इश्यू बना दिया गया है। अभी तक उस पर रोटियां सेंकी जा रही हैं। अब मंदिर बन गया, बात खत्म हो गई।”

“अखिलेश सच्चे सनातनी, भगवान राम पर केवल BJP का अधिकार नहीं”

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के हालिया अयोध्या दौरे का बचाव करते हुए एसटी हसन ने कहा, “अखिलेश जी सच्चे सनातनी हैं। उन्हें श्री रामचंद्र जी पर पूरी आस्था है। उनका मानना है कि वह कण-कण में मौजूद हैं।”

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “श्री रामचंद्र जी पर सिर्फ बीजेपी का अधिकार नहीं है। वह पूरे हिंदुस्तान के हैं, मुसलमान भी उनकी इज्जत करते हैं। अगर अखिलेश जी वहां जा रहे हैं तो इन्हें (बीजेपी को) क्या तकलीफ हो रही है? वह वहां राजनीतिकरण करने नहीं जा रहे हैं, बल्कि अपनी आस्था के लिए जा रहे हैं। राजनीतिकरण तो बीजेपी ने किया और फायदा उठाया।”

RSS पर हमला: “नफरत और दूरियां पैदा करते हैं”

एसटी हसन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “आरएसएस वालों से कभी सांप्रदायिक सौहार्द (Communal Harmony) की बात सुनी है आज तक? लाठी-डंडे लिए फिरते हैं। ऐसी बातें करते हैं जिससे नफरत और दूरियां पैदा हों।”

सपा को बताया सबसे मजबूत विकल्प: गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर हसन ने कहा कि इसका फैसला बड़े नेता करेंगे। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा, “उत्तर प्रदेश के अंदर समाजवादी पार्टी सबसे मजबूत पार्टी है, जो बीजेपी को हरा सकती है। कोई और पार्टी मुकाबला नहीं कर सकती। हम ऐसा कोई समाधान नहीं चाहते जिससे बीजेपी दोबारा सत्ता में आए।”