अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य तैयारी: हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा, राजतिलक और लेजर शो; जानें CM योगी का पूरा कार्यक्रम

ayodhya

रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय (शनिवार-रविवार) दौरे पर अयोध्या में रहेंगे। सीएम योगी की मौजूदगी में रामनगरी में इस बार आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा और झांकियों का अवलोकन

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलिपैड पर पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वह सबसे पहले दीपोत्सव के अवसर पर निकाली गई भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने की पारंपरिक रस्म में शामिल होंगे।

इसके बाद सीएम हेलिकॉप्टर के जरिए भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों पर अयोध्या के आसमान से पुष्पवर्षा करेंगे।

रामकथा पार्क में राजतिलक और जनसभा

पुष्पवर्षा के बाद रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का विधि-विधान से राजतिलक किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मौजूद संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और आम जनमानस के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

राम की पैड़ी: लेजर शो और प्रोजेक्शन मैपिंग

रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री सीधे राम की पैड़ी पहुंचेंगे, जहां वे मां सरयू की भव्य आरती करेंगे। आरती के बाद उनकी मौजूदगी में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन का मुख्य कार्यक्रम संपन्न होगा।

दीपों से जगमगाती अयोध्या के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा आसमान में एक भव्य ड्रोन और लेजर शो भी इस बार के दीपोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में से एक रहेगा। सीएम राम की पैड़ी पर बने मंच से भी उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।

हरित आतिशबाजी और रामलीला का मंचन

दीपोत्सव के इन प्रमुख कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री सरयू पुल की ओर रवाना होंगे, जहां वे पर्यावरण के अनुकूल ‘हरित पटाखों’ (Green Fireworks) के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। इस भव्य आतिशबाजी के बाद सीएम योगी वापस रामकथा पार्क लौटेंगे और रामलीला का आनंद लेंगे। दिनभर के इन तय कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सरयू अतिथि गृह में प्रस्तावित है।