लद्दाख से कश्मीर तक माइनस में पहुंचा पारा, लेह में -4.2 डिग्री तापमान; मौसम विभाग का बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग पॉइंट (0 डिग्री सेल्सियस) से नीचे लुढ़क गया है। लद्दाख के लेह में सबसे कम माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, कश्मीर घाटी के शोपियां में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई, जहां पारा माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
कश्मीर के कई जिलों में जमा देने वाली ठंड
घाटी के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में रात का तापमान माइनस 0.3 डिग्री और पहलगाम में 0.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी श्रीनगर और काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट पर 0.8, कुपवाड़ा में 1.5, गुलमर्ग में 1.2 और सोनमर्ग में 0.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। कोकेरनाग में पारा 0.2, बडगाम और कोनिबल पम्पोर में 1.1, कुलगाम में 3.3 और बारामूला में 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
लद्दाख शून्य से नीचे, जम्मू में भी गिरा पारा
लद्दाख क्षेत्र में लगातार हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। यहां के सभी प्रमुख इलाकों में तापमान शून्य से नीचे है। लेह (माइनस 4.2 डिग्री) पूरे रीजन में सबसे ठंडा स्थान रहा। कारगिल में माइनस 1.4 और नुब्रा घाटी में माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों में भी ठंड का असर दिखने लगा है। भदरवाह में 4.8, बनिहाल में 6.7, राजौरी में 7.2 और किश्तवाड़ में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दूसरी तरफ, मैदानी इलाकों में जम्मू शहर और माता वैष्णो देवी के बेस कैंप कटरा में पारा 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू एयरपोर्ट पर 15.3 और कठुआ में 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
10 से 13 नवंबर के बीच बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
आने वाले दिनों में पूरे क्षेत्र में मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से 10 से 13 नवंबर के बीच जम्मू और कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही अगले 48 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
