गाजियाबाद चौकी ब्लास्ट पर भड़के BJP विधायक, बोले- ‘जिहादियों को 72 हूरों के पास भेजेंगे

bjp mla

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए ब्लास्ट के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। लोनी से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है।

विधायक ने उत्तर प्रदेश पुलिस और योगी सरकार (Yogi Government) की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए कहा कि पुलिस जल्द ही इस नीच हरकत को अंजाम देने वालों को ’72 हूरों’ के पास भेजने का काम करेगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के दीपावली का त्योहार मनाने की अपील की है।

‘जिहादियों की नीच हरकत बर्दाश्त नहीं होगी’

अपने बयान में नंदकिशोर गुर्जर ने कहा, “इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की चौकी में आतंकी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि यह योगी जी की पुलिस है। योगी सरकार में जिहादियों की इस नीच हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

विधायक ने आम जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “दीपावली के इस महापर्व पर मैं प्रदेश और देश के सम्मानित भाई-बहनों से कहना चाहता हूं कि योगी सरकार में बहुत जल्द गाजियाबाद पुलिस इन सभी जिहादियों को 72 हूरों के पास भेजने का काम करेगी।”

‘जरूरत पड़ी तो पाकिस्तान में भी घुसकर मारेंगे’

लोगों से शांति और उल्लास के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए बीजेपी विधायक ने कहा कि दीपावली पर किसी को भी डरने या चिंता करने की जरूरत नहीं है।

हमलावरों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “इन जिहादियों को ऐसा जवाब मिलेगा, जिसे इनकी सात पीढ़ियां भी याद रखेंगी। अगर जरूरत पड़ी तो पाकिस्तान में भी घुसकर मारेंगे। केंद्र में माननीय मोदी जी की सरकार है। हम ऐसा करने से पीछे नहीं हटेंगे। लोग भरोसा रखें।”

क्या है वायरल पोस्ट का दावा?

दरअसल, गाजियाबाद पुलिस चौकी में हुए इस ब्लास्ट के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस कथित पोस्ट में ‘तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिन्दुस्तान’ नाम के संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन की ओर से कथित तौर पर कहा गया है कि यह ‘भगवा हुकूमत’ के खिलाफ एक कार्रवाई है, जिसमें पुलिस को निशाना बनाया गया है।

फिलहाल, पुलिस इस ब्लास्ट और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों की गहनता से जांच कर रही है।