अमेरिका में दबोचा गया लॉरेंस गैंग का कुख्यात हैरी बॉक्सर, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की ली थी जिम्मेदारी

Harry Boxer

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए अमेरिकी एजेंसियों ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर को कैलिफोर्निया में हिरासत में ले लिया है। हैरी बॉक्सर ने ही कुछ समय पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।

हैरी बॉक्सर अमेरिका में बैठकर भारत में अपने गैंग का नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियां चला रहा था। उस पर हत्या, रंगदारी वसूलने और धमकियां देने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस से मिली सटीक जानकारी के आधार पर अमेरिका की आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के एजेंटों ने यह कार्रवाई की है।

बॉक्सिंग कोच से बना कुख्यात गैंगस्टर

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इस सक्रिय गुर्गे का असली नाम हरिचंद जाट है। वह मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग की ट्रेनिंग ली थी, जिसके चलते अपराध की दुनिया में उसे ‘बॉक्सर’ नाम मिला। उसने शुरुआत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और कुछ समय तक बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया, लेकिन बाद में वह पूरी तरह से क्राइम सिंडिकेट का हिस्सा बन गया।

शेट्टी टावर के बाहर चलाई थीं गोलियां

मुंबई के जुहू स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर (शेट्टी टावर) के बाहर 1 फरवरी 2026 की देर रात कई राउंड फायरिंग की गई थी। हमले के वक्त रोहित शेट्टी अपने घर के भीतर ही मौजूद थे। इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ था।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हैरी बॉक्सर के अलावा शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इस पोस्ट में लिखा गया था कि रोहित शेट्टी को पहले भी चेतावनी दी गई थी, जिसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद हैरी बॉक्सर ने ऑडियो संदेशों के जरिए भी बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को धमकियां दी थीं।

विदेशी धरती पर छिपे गैंगस्टरों पर शिकंजा

भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अमेरिका और यूरोप समेत कई देशों में बैठकर भारत में अपराध चलाने वाले गैंगस्टरों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। हैरी बॉक्सर से पहले अमेरिका में वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी हिरासत में लिया जा चुका है। इन दोनों पर भी भारत में कई गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं।