पेरियार लाइब्रेरी में फर्जी लेखकों और AI से लिखी किताबों का ‘भंडार’, लाखों की खरीद पर भिड़ीं TVK और DMK
कोयंबटूर स्थित ‘पेरियार अरिवुलगम’ (पेरियार लाइब्रेरी और साइंस सेंटर) में किताबों की खरीद को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि विचारक ईवी रामा स्वामी पेरियार के नाम पर बनी इस लाइब्रेरी की अलमारियों में काल्पनिक लेखकों, फर्जी प्रकाशकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से लिखी गई बेहद निम्न स्तर की किताबें सजाई गई हैं।
अब यह मुद्दा तमिलनाडु में एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई में बदल चुका है, जहां मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) और मुख्य विपक्षी दल ‘द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (DMK) इन संदिग्ध खरीदों के लिए एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
मशहूर लेखक पेरुमल मुरुगन ने किया खुलासा
इस कथित लाइब्रेरी घोटाले का पर्दाफाश जाने-माने तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन ने किया है। ऑनलाइन पत्रिका ‘सिंधई’ में छपे अपने एक लेख में मुरुगन ने दावा किया है कि लाइब्रेरी के लिए फर्जी प्रकाशकों (fake publishers) से हजारों किताबें बहुत ऊंची कीमतों पर खरीदी गई हैं।
उन्होंने बताया कि इन किताबों में तथ्यों की भारी गलतियां और व्याकरण संबंधी त्रुटियां (grammatical errors) हैं। मुरुगन के मुताबिक, “इन किताबों को देखकर साफ लगता है कि इन्हें एआई (AI) की मदद से लिखा गया है।”
एक इंटरव्यू में मुरुगन ने खुलासा किया, “‘अगल विलक्कु’ (Agal Vilakku) नाम के प्रकाशक का पता पूरी तरह फर्जी है। ‘फीनिक्स पब्लिकेशन्स’ का भी यही हाल है। ऐसा लगता है कि इन प्रकाशकों को सिर्फ लाइब्रेरी में ये किताबें सप्लाई करने के लिए ही रातों-रात बनाया गया था।”
1800 संदिग्ध किताबें और मनमानी कीमतें
विवाद के केंद्र में मुख्य रूप से ‘अगल विलक्कु’ पब्लिकेशन की करीब 1,800 किताबें हैं, जिन्होंने लाइब्रेरी की चौथी मंजिल पर मौजूद तमिल संग्रह का एक बड़ा हिस्सा घेर रखा है। साहित्य की दुनिया में चार दशक बिता चुके मुरुगन का कहना है कि उन्होंने कभी इस प्रकाशक का नाम नहीं सुना।
हैरानी की बात यह है कि इनमें से ज्यादातर किताबें हार्डबाउंड हैं और उन पर 1,400 रुपये या उससे भी ज्यादा कीमत छपी है।
तथ्यात्मक गलतियों का उदाहरण देते हुए मुरुगन ने ‘नलदियार वाझकईयिन वाझकाट्टी’ नाम की एक किताब का जिक्र किया। इस 300 पन्नों की किताब (कीमत 1,445 रुपये) के तथाकथित लेखक ‘सूर्या बालू’ ने ‘नलदियार’ को एक प्रसिद्ध तमिल कवि और दार्शनिक बताया है। जबकि असल में, ‘नलदियार’ जैन साधुओं से जुड़े चार-पंक्तियों वाले छंदों का एक प्राचीन संग्रह है।
सरकार ने शुरू की मामले की जांच
विवाद बढ़ने के बाद तमिलनाडु सरकार एक्शन में आ गई है। राज्य के मंत्री राज मोहन ने शुक्रवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस खरीद घोटाले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “जो कोई भी इस फर्जीवाड़े में शामिल पाया जाएगा, उस पर कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
