ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- ‘बड़के भइया’ का झंडा उठाना बंद करें

op rajbhar

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) में सीटों के बंटवारे और गठबंधन की राजनीति को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ स्वामी प्रसाद मौर्य की एक तस्वीर का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को नसीहत दी है।

‘बड़के भइया से डरना नहीं है’

ओपी राजभर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने गठबंधन में समाजवादी पार्टी की स्थिति पर सवाल उठाते हुए लिखा, “अखिलेश यादव जी, लगता है मैंने जो सुबह कहा वो आपको शाम तक समझ आ गया। आखिर कब तक दबकर राजनीति करेंगे? अब डरना नहीं है बड़के भइया (राहुल गांधी) से। यही समय है, सही समय है।”

स्वामी प्रसाद मौर्य पर बोला हमला

राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अब ‘बड़के भइया’ का झंडा उठाना बंद कर देना चाहिए। राजभर ने लिखा, “कम से कम बड़के भइया का झंडा उठाना तो बंद करिए। वो ये रैली करने के बाद फिर थाईलैंड, वियतनाम या मंगोलिया निकल जाएंगे और आपको यहां सीट बंटवारे को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य से डील करनी पड़ेगी।”

राजभर ने आगे कहा, “वहीं स्वामी प्रसाद, जो आपके बड़के भइया के साथ फोटो खिंचवाते हैं और आपकी औकात बताते फिरते हैं। वही स्वामी जिसको आपने सारा सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने आपको सिर्फ अपमानित किया।”

‘आपका स्तर गिरता जा रहा है’

राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने अखिलेश यादव की नेतृत्व क्षमता और रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “दुख इस बात का है कि आपका स्तर दिन पर दिन गिरता जा रहा है। आपके कार्यकर्ता टकटकी लगाए हैं कि भइया धमाका करेंगे, लेकिन आप फुस्स पटाखा निकले। अपना स्टैंड क्लियर करके बता दीजिए या फिर लगाते रहिए दिल्ली का चक्कर।”