पंजाब में AAP को बड़ा झटका: कुंवर विजय प्रताप समेत तीन बागी विधायक आधिकारिक तौर पर BJP में हुए शामिल
पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन बागी विधायकों— कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा—ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। बीजेपी में शामिल होते ही इन नेताओं ने सत्तारूढ़ भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला और पंजाब में बढ़ते नशे, कर्ज और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
कुंवर विजय प्रताप बोले- ‘फिरौती इंडस्ट्री बन गया है पंजाब’
पूर्व आईपीएस अधिकारी और अमृतसर नॉर्थ से विधायक रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि आज का पंजाब अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में पंजाबियत कहीं दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा, “नशे का साम्राज्य कायम है। फिरौती इंडस्ट्री बन गई है और गैंगस्टरवाद चरम पर है।” उनके मुताबिक, पंजाब के लोग हर तरह से परेशान हैं और राज्य का कामकाज केवल कर्ज लेकर चल रहा है।
चेतन जौड़ामाजरा का आरोप- केंद्र से फंड लाने में नाकाम सरकार
पूर्व मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने राज्य सरकार और केंद्र के बीच समन्वय की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि राज्य के मंत्री केंद्रीय मंत्रियों से मिल ही नहीं सकते। उनके मुताबिक, पिछली सरकारों में मंत्री केंद्र से फंड लेकर आते थे, लेकिन मौजूदा सरकार में ऐसा नहीं हो रहा।
जौड़ामाजरा ने कहा कि हम पंजाब को इस दलदल से निकालना चाहते हैं, जो तभी संभव है जब केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार हो। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की गारंटियां पूरी नहीं हुईं और शिक्षा का स्तर गिरने से बच्चे सरकारी स्कूलों से प्राइवेट स्कूलों में जा रहे हैं।
‘AAP ने पंजाब को बर्बाद किया’
सनौर से विधायक रहे हरमीत सिंह पठानमाजरा ने बीजेपी में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी पंजाब में आई थी, तब उसने बहुत अच्छे विचारों की बात की थी, लेकिन वक्त बीतने के साथ वादों के मुताबिक काम नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य राज्य को नशामुक्त करना है और ‘आप’ से पंजाब को बचाना है।
बीजेपी ने AAP को बताया ‘डूबता हुआ जहाज’
तीनों विधायकों के बीजेपी में शामिल होने पर पंजाब बीजेपी चीफ केवल सिंह ढिल्लों ने उनका पार्टी में स्वागत किया। ढिल्लों ने आश्वस्त किया कि संगठन में इन तीनों नेताओं का पूरा सम्मान होगा। इस मौके पर उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे ‘डूबता हुआ जहाज’ करार दिया।
