भारत में प्रदूषण: फरीदकोट का AQI 844 के पार, दिल्ली-NCR की हवा भी ‘जहरीली’

delhi-rain-1-1751161641

सर्दियां शुरू होते ही उत्तर भारत एक बार फिर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में आ गया है। अमूमन इस मौसम में दिल्ली-NCR की जहरीली हवा सुर्खियों में रहती है, लेकिन सोमवार (2 नवंबर) को देश के सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में पंजाब सबसे आगे रहा। स्थिति इस कदर बिगड़ गई कि देश के टॉप-3 सबसे खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) वाले शहर पंजाब से दर्ज किए गए।

फरीदकोट और भटिंडा में हालात सबसे खराब

सोमवार को पंजाब के फरीदकोट की हवा देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। यहां का AQI 844 के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। प्रदूषण के मामले में दूसरे नंबर पर भी पंजाब का ही भटिंडा शहर रहा, जहां 830 AQI दर्ज किया गया। लिस्ट में तीसरे पायदान पर अमृतसर है, जिसका एक्यूआई 739 रहा। इसके बाद चौथे नंबर पर हरियाणा का करनाल शहर रहा, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स 659 दर्ज हुआ।

दिल्ली-NCR पूरी तरह प्रदूषण की चपेट में

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। देश के सबसे खराब हवा वाले शहरों की सूची में गाजियाबाद पांचवें स्थान पर रहा, जहां सोमवार को AQI 648 रिकॉर्ड किया गया।

NCR के अन्य प्रमुख शहरों में भी लोगों को जहरीली हवा का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा का AQI 433 तक पहुंच गया, जबकि दिल्ली का एक्यूआई 418 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम की हवा 361 AQI के साथ बेहद खराब श्रेणी में रही।

बेंगलुरु और चेन्नई की हवा सबसे साफ

उत्तर भारत जहां प्रदूषण से जूझ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के शहरों में हवा काफी साफ दर्ज की गई। कर्नाटक के बेंगलुरु की स्थिति सबसे बेहतर रही, जहां सोमवार को मात्र 87 AQI रिकॉर्ड किया गया। चेन्नई में भी एक्यूआई 97 रहा। हैदराबाद में हवा की गुणवत्ता 150 AQI के साथ सामान्य श्रेणी के करीब रही।

अन्य बड़े शहरों का एक्यूआई अपडेट

देश के अन्य महानगरों और प्रमुख शहरों के एक्यूआई आंकड़ों पर नजर डालें तो आर्थिक राजधानी मुंबई में 156 और कोलकाता में 151 AQI रहा।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक्यूआई 182 और राजधानी लखनऊ में 160 दर्ज किया गया। इसके अलावा, बिहार की राजधानी पटना में 174 और झारखंड के रांची में 163 AQI रिकॉर्ड हुआ।