‘CEC पर आर-पार की जंग’: रामलीला मैदान में उमड़ी भारी भीड़, मिंटो ब्रिज से INDIA गठबंधन का मार्च शुरू

india

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर INDIA गठबंधन ने रविवार (1 नवंबर 2026) को दिल्ली के रामलीला मैदान में अपनी महारैली शुरू कर दी है। मिंटो ब्रिज से विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मार्च शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इस रैली में लाखों लोगों के पहुंचने का दावा किया था, और मैदान को कई ब्लॉक में बांटा गया है। दोपहर 12:14 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, तीन ब्लॉक पूरी तरह से लोगों से भर चुके हैं।

खरगे के आवास पर दिग्गजों का जमावड़ा

रैली और मार्च से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर प्रमुख विपक्षी नेताओं का जुटना शुरू हो गया है। यहां से सभी नेता बसों के जरिए मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंच रहे हैं।

ये बड़े नेता पहुंचे खरगे के आवास पर:

  • कांग्रेस: प्रियंका गांधी, रणदीप सुरजेवाला, अधीर रंजन चौधरी, भूपेश बघेल, कुमारी शैलजा, मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद, सिद्धारमैया, अशोक गहलोत और वी डी सतीशन।

  • समाजवादी पार्टी: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव।

  • एनसीपी (शरदचंद्र पवार): सांसद सुप्रिया सुले।

  • शिवसेना (यूबीटी): राज्यसभा सांसद संजय राउत।

  • नेशनल कॉन्फ्रेंस: फारूक अब्दुल्ला।

  • वाम दल: डी राजा।

विपक्षी दलों के कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी दिल्ली पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

‘प्रजातंत्र के बुनियादी अधिकारों को छीने जाने की बात है’

इस महारैली के महत्व पर बोलते हुए कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने कहा, “जब प्रजातंत्र के बुनियादी अधिकारों को ही छीने जाने की बात चल रही हो, तो आज की यह रैली अत्यधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।” विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है और देश में मतदाता सूची (SIR) के जरिए धांधली की जा रही है।