‘CEC ज्ञानेश कुमार को देना पड़ेगा इस्तीफा, हिंदुस्तान का पाकिस्तान बना दिया’; INDIA गठबंधन की रैली में इमरान मसूद का PM मोदी पर बड़ा हमला

imran

दिल्ली में INDIA गठबंधन के ‘चलो दिल्ली’ मार्च और मेगा रैली के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने चुनाव आयोग (Election Commission) और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा लाए गए प्रस्ताव के बीच इमरान मसूद ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की साख को नुकसान पहुंचाया गया है और देश में चुनाव धांधली के जरिए जीते जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सपा नेता आजम खान की गिरफ्तारी के मुद्दे पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी।

‘कोर्ट उनसे इस्तीफा लेगा, उनकी चोरी पकड़ी गई है’

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में इमरान मसूद ने कहा, “ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। सारी चीजें साबित (Proved) हो चुकी हैं। वो कब तक इस्तीफा नहीं देंगे? बेशर्म होकर देंगे, कोर्ट उनसे इस्तीफा लेगा, उनकी चोरी पकड़ी गई है।” उन्होंने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की चुनावी व्यवस्था को तबाह कर दिया गया है।

पीएम मोदी पर निशाना: ‘हिंदुस्तान का भी पाकिस्तान बना दिया’

प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए इमरान मसूद ने कहा, “दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को तबाह कर दिया। पूरे विश्व में हमारे चुनाव आयोग और देश की साख थी, उसको बर्बाद कर दिया। सारे के सारे चुनाव धांधली करके जीतते हो।”

उन्होंने आगे कहा, “हिंदुस्तान का भी पाकिस्तान बना दिया। पाकिस्तान तबाह मुल्क है। वहां भी यही काम होता था, यहां भी प्रधानमंत्री ने यही काम शुरू कर दिया है।”

सरदार वल्लभभाई पटेल और आरएसएस (RSS) का जिक्र करते हुए मसूद ने पीएम मोदी पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “अगर सरदार पटेल प्रधानमंत्री होते ना, तो मोदी जी तुम पैदा ही ना हुए होते। उन्होंने RSS को सबसे पहले रगड़ दिया था, ये पंडित जवाहरलाल नेहरू बड़े हृदय के व्यक्ति थे।”

आजम खान के बयान का किया समर्थन

सपा नेता आजम खान की रिहाई के बाद ED की कार्रवाई और उनके बयान का समर्थन करते हुए मसूद ने कहा कि इसे किसी धर्म विशेष से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। उन्होंने कहा, “आजम खान ने कहा कि उन्हें मुस्लिम होने की सजा मिल रही है। उनके इन शब्दों के पीछे जो दर्द था, देश को समझना चाहिए कि देश के मुसलमान का हाल क्या कर दिया गया है।”

आजम खान पर दर्ज मुकदमों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “भैंस चोरी, मुर्गी चोरी, अंडा चोरी… किस लेवल के ऊपर गिर कर राजनीति हो रही है? अल्लाह-ईश्वर सबका इंसाफ करता है। ये जो करने वाले हैं, समझ रहे हैं कि अजय और अमर हो गए। सब कर्मों का हिसाब इसी जन्म में और यहीं धरती पर होगा।”