‘वोट बचाओ – देश बचाओ’: रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की हुंकार, कांग्रेस बोली- वोट चोरों को सत्ता से उतारेंगे

india

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ INDIA गठबंधन ने आज (1 नवंबर 2026) दिल्ली के रामलीला मैदान में अपना बड़ा शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विपक्ष इस रैली के जरिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साध रहा है।

यहां पढ़ें रैली से जुड़े अब तक के सभी बड़े अपडेट्स (Live Updates):

11:11 AM – कांग्रेस का केंद्र सरकार पर तंज

कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “‘वोट बचाओ – देश बचाओ’। दिल्ली का रामलीला मैदान तैयार है, जहां से हिंदुस्तान ‘वोट चोरी’ के खिलाफ हुंकार भरेगा। यकीन मानिए, देश की ये हुंकार मोदी-ज्ञानेश को चैन से बैठने नहीं देगी। हम वोट चोरों को सत्ता से उतारकर ही दम लेंगे।”

11:05 AM – ‘ठग तो आप हैं’: धर्मेंद्र यादव का पलटवार

सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “ये जन मानस आज जो आ रहा है वो माहौल जानता है, अब सब जल्दी बदलेगा। ये लोग हमको ठग बोल रहे हैं। अरे ठग तो आप हैं, अब बहुत हो गया है, आज से चीजें बदलेंगी। व्यापारियों को एजेंसी ने धमकाया तो उन लोगों ने परेशानी के पत्र लिखे।”

10:54 AM – खरगे के आवास पहुंचे अखिलेश यादव और संजय राउत

महारैली से पहले विपक्षी नेताओं का जुटना शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव और शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंच चुके हैं।

10:20 AM – खरगे के घर पहुंचेंगे 42 नेता

जानकारी के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के कुल 42 नेता पहुंचेंगे। हालांकि, अभी तक इन सभी नेताओं के नामों की आधिकारिक लिस्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। यहीं से रैली के लिए रणनीति और आगे का रूट तय किया जाएगा।

09:49 AM – SFI के नेताओं ने निकाला मार्च

INDIA ब्लॉक की इस मेगा रैली में शामिल होने के लिए ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (SFI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुबह ही सुरजीत भवन से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार और वोटर लिस्ट की SIR प्रक्रिया के खिलाफ नारेबाजी की।

09:46 AM – बसों से पहुंचे कांग्रेस समर्थक

रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। भारी संख्या में कांग्रेस समर्थक बसों में सवार होकर हिमाचल भवन पहुंचे हैं।

इमरान मसूद बोले: ‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा’

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, “ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। सब कुछ साबित हो चुका है। वो कब तक इस्तीफा नहीं देंगे? कोर्ट उनसे इस्तीफा लेगा। उनकी चोरी पकड़ी गई है।”