स्पेन के टोलेडो में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की जोरदार टक्कर, 46 यात्रियों की मौत; खेल मैदान में बनाया गया अस्पताल
मध्य स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार सुबह दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई और 179 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मैड्रिड और दक्षिणी क्षेत्र अंडालूसिया के बीच रेल सेवा को पूरी तरह से रोक दिया गया है। इमरजेंसी सेवाओं के मुताबिक, मृतकों और घायलों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
पीछे से टकराई ट्रेन, ढलान पर गिरे डिब्बे
स्पेन के सरकारी प्रसारक टीवीई और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना तब हुई जब एक तेज रफ्तार ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दो डिब्बे पटरी से उतरकर किनारे ढलान पर गिर गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये ट्रेनें AVE और Iyro द्वारा संचालित थीं और इनमें लगभग 500 यात्री सवार थे। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
चुनाव प्रचार रद्द, स्पोर्ट्स हॉल में घायलों का इलाज
घटना की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। टोलेडो शहर के पास स्थित उर्डा के मेयर मैनुअल गैलान ने बताया कि इमरजेंसी सर्विस ने घायलों के इलाज के लिए एक स्थानीय स्पोर्ट्स हॉल को अस्थायी अस्पताल के रूप में तैयार करने का निर्देश दिया है। इस त्रासदी के बाद स्पेन के सभी राजनीतिक दलों ने अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं।
पीएम पेड्रो सांचेज ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मैं परिवहन मंत्री और कैस्टिला ला मांचा के अध्यक्ष के लगातार संपर्क में हूं। इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद और सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं। मेरी संवेदनाएं और समर्थन सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।” इटली की सरकार ने भी इस मुश्किल घड़ी में स्पेन के लोगों के साथ एकजुटता दिखाई है।
2026: स्पेन के रेल नेटवर्क के लिए हादसों का साल
स्पेन के रेल नेटवर्क के लिए साल 2026 अब तक बेहद घातक साबित हुआ है। टोलेडो का यह हादसा उसी रेल लाइन पर हुआ है, जहां इसी साल 18 जनवरी को अदामुज में दुर्घटना हुई थी (जिसमें 46 लोगों की जान गई थी)। इसके अलावा 20 जनवरी को गेलिडा (1 मौत, 37 घायल), 22 जनवरी को कार्टाजेना (6 घायल) और 12 फरवरी को तालावेरा ला रियल में भी रेल दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन लगातार हादसों ने स्पेन के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजर ‘एडिफ’ (Adif) की व्यवस्थाओं पर भारी दबाव और सवाल खड़े कर दिए हैं।
