अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर JDU का डबल एक्शन: राज्य मंत्री का दर्जा छिना, अब 25 नवंबर तक खाली करना होगा सरकारी बंगला

neelam deci

जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निष्कासित नेता अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी पर पार्टी की कार्रवाई लगातार जारी है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री समिति) के सदस्य पद से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद ही, सोमवार (26 अक्टूबर, 2026) को बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने नीलम देवी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है।

25 नवंबर तक आवास खाली करने का अल्टीमेटम

पूर्व विधायक नीलम देवी को राज्य मंत्री (उप मंत्री) के दर्जे के आधार पर पटना के प्रतिष्ठित मॉल रोड स्थित सरकारी आवास (आवास संख्या- 1) आवंटित किया गया था। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया गया है कि उन्हें 25 नवंबर 2026 तक यह सरकारी आवास हर हाल में रिक्त करना होगा।

छवि

आदेश पत्र में क्या कहा गया है?

नीलम देवी को भेजे गए आधिकारिक पत्र में आवास आवंटन रद्द होने के कारण स्पष्ट किए गए हैं। पत्र के अनुसार:

  • नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य के रूप में उप मंत्री का दर्जा प्राप्त था।

  • इसी आधार पर विभागीय आदेश संख्या-73 (दिनांक- 19.06.2026) के तहत उन्हें आवास संख्या- 01, मॉल रोड आवंटित किया गया था।

  • मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना संख्या-578 (दिनांक- 26.10.2026) के जरिए समिति के सदस्य के रूप में उनका मनोनयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

  • नियमतः सेवा समाप्ति के बाद सरकारी आवास को कब्जे में रखने की अनुमान्य अवधि केवल एक महीने की होती है, जो 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रही है। इसलिए तय तारीख तक बंगला खाली करने का अनुरोध किया गया है।

एक ही दिन में दो बड़े झटके

सोमवार का दिन नीलम देवी और अनंत सिंह के लिए राजनीतिक दृष्टिकोण से भारी रहा। जेडीयू की अनुशंसा पर पहले नीलम देवी को 20 सूत्री समिति के सदस्य पद से हटाया गया, जिससे उनका राज्य मंत्री का दर्जा छिन गया। इस खबर के आने के कुछ ही घंटों के भीतर भवन निर्माण विभाग की तरफ से बंगला खाली करने का नोटिस भी उनके दरवाजे पर पहुंच गया। इस त्वरित कार्रवाई ने बिहार के सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।