राहुल गांधी का ‘चलो दिल्ली’ का नारा: 1 नवंबर को रामलीला मैदान में महारैली, BJP पर लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप

rahul-gandhi-congress

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘महारैली’ के लिए देश भर के छात्रों, किसानों और आम लोगों से एकजुट होकर दिल्ली पहुंचने की अपील की है। रविवार (25 अक्टूबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट शेयर करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला और सत्ता पक्ष पर वोट चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया। कांग्रेस और इंडिया (INDIA) गठबंधन इस रैली के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं।

‘हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे’

राहुल गांधी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में दावा किया कि उनके वोट चुराए जा रहे हैं और वे इसे किसी भी हाल में चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, “मतदाता सूचियों से नाम काटे गए, नियम-कानून तोड़े गए और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं। अब जवाब देश देगा।” इसी के साथ उन्होंने लोगों से ‘1 नवंबर – चलो दिल्ली’ का आह्वान करते हुए इसे ‘वोट बचाओ – देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ का नाम दिया है।

उन्होंने कहा कि छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी समेत जिस-जिस को लोकतंत्र की फ़िक्र है, वो इस रैली में जरूर आए क्योंकि यह वोट और लड़ाई सीधे जनता की है।

रैली के प्रचार के लिए BJP पर तंज

विपक्षी नेता ने अपने पोस्ट में रैली को लेकर भाजपा पर तंज भी कसा। राहुल ने लिखा, “BJP और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं।” उन्होंने आगे तंजिया लहजे में कहा कि बस अगले 7 दिन भी वे यही जोश और लगन बनाए रखें।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली के लिए कमर कस चुके हैं। विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कड़ा विरोध कर रहा है। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी चिंताओं और वोट चोरी के दावों के बीच इस जन मार्च को विपक्ष के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर तैयार किया जा रहा है।