संगीत सोम का अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप, बोले- मेरी हत्या कराने की थी तैयारी
संगीत सोम ने पॉडकास्ट में अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए।
Sangeet Som: भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक पॉडकास्ट में सोम ने दावा किया कि अखिलेश यादव उनकी हत्या करवाना चाहते थे, पर इसमें कामयाब नहीं हो पाए। उनके अनुसार अखिलेश, टीटू यादव के जरिए यह योजना बना रहे थे।
रिपोर्ट के अनुसार यह पहला मौका नहीं है। कुछ दिन पहले भी सोम ने कहा था कि सपा सरकार के कार्यकाल में अखिलेश यादव ने उनके और कई दूसरे नेताओं के खिलाफ गंभीर मुकदमे दर्ज करवाए थे। मेरठ की सरधना सीट से विधायक रह चुके सोम सपा सरकार के समय हुए मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर भी अखिलेश पर हमलावर रहे हैं। उनका आरोप है कि अखिलेश के इशारे पर ही पश्चिमी यूपी में हिंदुओं की हत्याएं हुईं।
संगीत सोम का कहना है कि अखिलेश यादव को किसी पर भरोसा नहीं है, यहां तक कि वह अपने परिवार के लोगों पर भी यकीन नहीं करते। सोम ने आरोप लगाया था कि अखिलेश अपने चाचा रामगोपाल यादव की भी सर्विलांस के जरिए निगरानी करवाते हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शिवपाल यादव के साथ अखिलेश के रिश्तों में तल्खी किसी से छिपी नहीं है।
