टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के आरोपी आज मुंबई पहुंचेंगे? पुलिस ने बदली ट्रांसफर रणनीति
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार, 18 अक्टूबर को हुए जानलेवा हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस को इन आरोपियों की 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिल चुकी है।
नेपाल भागने की थी पूरी प्लानिंग
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में थे। इसके लिए उन्होंने जयपुर से बस पकड़ने का प्लान बनाया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के मूवमेंट का खुलासा हुआ है। वारदात के बाद हमलावरों ने मुंबई के अंधेरी वेस्ट में अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी। वहां से लोकल ट्रेन पकड़कर बोरीवली पहुंचे और फिर ऐप-बेस्ड कैब लेकर गुजरात के सूरत निकल गए। सूरत से उन्होंने पुणे-जयपुर एक्सप्रेस पकड़ी, लेकिन कोटा रेलवे स्टेशन पर मुंबई क्राइम ब्रांच के अलर्ट के आधार पर राजस्थान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
मीडिया की गाड़ियों से हुआ शक, लौटी पुलिस
कोटा में मेडिकल और रिमांड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुंबई पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई थी। लेकिन कुछ दूर जाने पर पुलिस को लगा कि कुछ गाड़ियां उनका पीछा कर रही हैं। सुरक्षा के चलते टीम वापस कोटा शहर लौट आई। बाद में स्पष्ट हुआ कि पीछे चल रही गाड़ियां मीडिया की थीं। एहतियात के तौर पर आरोपियों को ट्रेन या फ्लाइट से ले जाने के बजाय रातभर कोटा के रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में रखा गया। थाने को छावनी में तब्दील कर वहां राजस्थान पुलिस के कमांडोज तैनात किए गए। पुलिस अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर आरोपियों को सड़क मार्ग से मुंबई ले जा रही है।
फायरिंग के दौरान खराब हुआ था एक हथियार
हमलावरों की पहचान फूल सिंह और रेहान के रूप में हुई है। घटना से जुड़े फुटेज में रेहान को टोपी पहने हुए देखा गया है। तीनों आरोपी हरियाणा और बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से कोई भी नाबालिग नहीं है; एक आरोपी की उम्र 18 साल और बाकी दो की 22 साल है। इनमें से दो आरोपी एक ही जगह के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते हैं।
हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज
अभिनेता की गाड़ी पर कई राउंड फायरिंग की गई थी। इस हमले में दो अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आया है कि फायरिंग के दौरान आरोपियों का एक हथियार खराब हो गया था। मुंबई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच अब वारदात में तीनों की अलग-अलग भूमिकाओं की जांच कर रही है।
